अमीनगर सराय। हिसावदा मार्ग पर कार सवार तीन बदमाशों ने डेयरी कर्मी के साथ मारपीट कर एक लाख रुपये की लूटपाट की। लूट का पता लगने पर पहुंचे डेयरी संचालक पर बदमाश फायरिंग कर भाग गए। इस मामले में पीड़ित डेयरी संचालक ने पुलिस को तहरीर दी है।
हिसावदा गांव निवासी उमंग मलिक ने बताया कि उसकी डेयरी पर देवेंद्र काम करता है। जो शनिवार शाम गांव के ही किशोर वंश को पिकअप गाड़ी में लेकर दूध लेने बरसिया जा रहा था। बताया कि जैसे ही वह पिकअप गाड़ी लेकर पशुशाला के पास पहुंचा तो पीछे से आए कार सवारों ने ओवरटेक कर पिकअप रुकवा ली। जिसके बाद देवेंद्र को नीचे उतारकर लाठी डंडों से पिटाई कर घायल कर दिया। जिसके बाद तमंचा दिखाकर देवेंद्र से एक लाख की नकदी लूट ली, जो बरसिया में एक पशुपालक को देने थे। जिसके बाद बदमाश हिसावदा गांव की तरफ भागने लगे। सूचना मिलने पर उसने बदमाशों की कार का पीछा किया तो बदमाशों ने उस पर फायरिंग कर दी, जिसमें वह बाल-बाल बच गया। घटना के बाद ग्रामीणों ने सिंघावली अहीर थाने पहुंचकर हंगामा किया। उधर तहरीर मिलने पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई। इस मामले में थाना प्रभारी बच्चू सिंह का कहना है कि जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।