बागपत जनपद से ट्रांसफर हुए एडीएम राकेश कुमार मालपाणी को शुक्रवार रात बोलेरो गाड़ी से बरेली छोड़कर घर लौट रहे रिटायर्ड फौजी जितेंद्र से हजूराबाद गढ़ी गांव के जंगल में तीन बदमाशों ने तमंचों के बल पर 2500 रुपये नगद और गाड़ी लूट ली। पुलिस ने घेराबंदी कर बदमाशों को हिंडन पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों लूटी गई गाड़ी के अलावा दो तमंचे और कार बरामद हुई है।
एएसपी अजीजुल हक ने पत्रकारों को बताया कि हजूराबाद गढ़ी निवासी रिटायर्ड फौजी जितेंद्र पुत्र महावीर सिंह बुलेरो गाड़ी में जैसे ही अपने गांव के जंगल में पहुंचे, बगैर नंबर प्लेट की जेन कार में सवार तीन बदमाशों ने ओवरटेक कर उन्हें रोक लिया। तमंचों के बल पर बदमाशों ने उनसे 2500 रुपये नगद और बोलेरो गाड़ी लूट ली थी। घटना का पता चलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई।
पुलिस ने बालैनी हिंडन पुल के निकट चेकिंग के दौरान बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए बदमाश ढिकौली निवासी दो सगे भाइयों संजय ढाका और दीपक ढाका के अलावा रोबिन हैं। आरोपियों से लूटी गई बोलेरो के अलावा घटना में प्रयुक्त दो तमंचे, नौ कारतूस, एक चाकू तथा जेन कार बरामद हुई है। उधर, सीओ श्वेताभ पांडेय का कहना है कि बालैनी के हिंडन पुल पर चौकी प्रभारी एचसीपी कुशलपाल सिंह, ब्रहमपाल और एक होमगार्ड लुटेरों की कार के आगे खड़े हो गए थे।
लूट में इस्तेमाल गाड़ी चोरी की
पुलिस के मुताबिक बदमाशों ने पूछताछ के दौरान बताया कि वारदात में प्रयुक्त जेन कार उन्होंने रटौल से चार दिन पूर्व चोरी की थी।
आरोपियों में एक कबड्डी खिलाड़ी
आरोपी संजय ने मीडियाकर्मियों को बताया कि वह दिल्ली के एक प्रसिद्ध स्टेडियम में कबड्डी का अभ्यास करता है। उसे कबड्डी का खिलाड़ी बनना है। उसे स्टेडियम में सात हजार रुपये जमा करने थे। इसीलिए उसने बोलेरो गाड़ी लूटी थी। आरोपी रोबिन गांव के ही कालेज में कक्षा 12 में पढ़ता है।
सौदा करने के बाद लूटी गाड़ी
संजय ने बताया कि बुधवार को मेरठ के कंकरखेड़ा निवासी अमित ने उससे गाड़ी लाने के लिए कहा था। 20 हजार रुपये में गाड़ी देना तय हुआ था। अमित ने सात हजार रुपये एडवांस में दे भी दिए थे।
पशु व्यापारी से की थी लूटपाट
एएसपी अजीजुल हक का कहना है कि पकड़े गए बदमाशों ने बागपत और मेरठ की कई लूट की घटनाओं का इकबाल किया है। उनके मुताबिक, इन्हीं बदमाशों ने 13 मई को पशु व्यापारी हाजी जब्बार को गोली मारकर लूटपाट की थी।