बागपत के चांदीनगर के रटौल गांव में कूड़े के ढेर से संक्रामक रोग फैल गए हैं। डेंगू, चिकनगुनिया, मलेरिया जैसा जानलेवा बुखार फैला हुआ है। जिला प्रशासन से लेकर स्वास्थ्य विभाग के प्रति लोगों में रोष है। ग्रामीण अधिकारियों पर शिकायतों के बाद भी कार्रवाई न करने का आरोप लगा रहे है।
जिला पंचायत सदस्य मुब्बसिर चौधरी ने बताया गांव में कूडे़ के ढेर लगे होने से जानलेवा बुखार बढ़ रहा है। अधिकारियों से कई बार कूड़ा उठवाने की मांग कर चुके हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से एक सप्ताह पहले हेल्थ कैंप की मांग की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
ग्राम प्रधान पति जाकिर खान ने बताया कूड़े उठवाने के लिए कार्य योजना में ट्रैक्टर ट्रॉली की मांग की, लेकिन अनुमति नहीं मिली। कूड़े के ढेर से संक्रामक रोग बढ़ता ही जा रहा है। अब तो मजबूर होकर आंदोलन करने को बाध्य है।
कुंवर रहीसुद्दीन ने कहा रटौल गांव में गंदगी के कारण संक्रामक रोग बढ़ता जा रहा है। गांव में डेंगू, चिकनगुनिया, मलेरिया बढ़ रहा है। क्षेत्र में बुखार से कई की मौत हो चुकी है। स्वास्थ्य विभाग का गांव की ओर ध्यान नहीं है। इसके लिए लोगों को खुद ही जागरूक होना होगा।
अशोक सैनी ने कहा गांव में जानलेवा बुखार हावी होता जा रहा है। गांव के लोग हेल्थ कैंप की मांग कर चुके हैं, इसके बाद भी कार्रवाई नहीं हो रही है। गांव में कूडे़ के ढेर से महामारी फैलने का खतरा बना हुआ है।