शराब माफिया राजीव के घर पर सील लगाते कोतवाल व अन्य पुलिसकर्मी
- फोटो : BARAUT
डीएम के आदेशों पर बावली गांव निवासी राजीव के खिलाफ की गई कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत (बागपत)। अपराधियों पर पुलिस प्रशासन शिकंजा लगातार कस रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को बड़ौत कोतवाली पुलिस ने बावली गांव के शराब माफिया राजीव की लगभग 38 लाख रुपये कीमत की अवैध रूप से अर्जित की गई संपत्ति को कुर्क किया है।
शुक्रवार को सीओ युवराज सिंह, कोतवाल मगनवीर सिंह गिल के नेतृत्व में पुलिस बल बावली गांव पहुंचा और पट्टी मोहल्ले के रहने वाले शराब माफिया राजीव की अवैध संपत्ति को कुर्क कर लिया। सीओ ने बताया कि कुर्की की गई संपत्ति में 11.91 लाख रुपये कीमत का एक घर, 26.62 लाख रुपये कीमत की कृषि भूमि शामिल है। कुल 38 लाख रुपये की संपत्ति को कुर्क किया गया है।
सीओ के मुताबिक राजीव का काफी बड़ा नेटवर्क है। वह यूपी-हरियाणा से शराब की तस्करी करता है। उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं में अलग-अलग थानों में 23 से ज्यादा मुकदमे दर्ज है। फिलहाल बड़ौत पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से अर्जित की गई संपत्ति को कुर्क किया है ।