बागपत। मत्स्य पालन विभाग के मंत्री और निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद ने कहा कि अगर सरकार मदरसों का सर्वे कराया जा रहा है, तो इस पर इतना बवाल करने की जरूरत नहीं है। मदरसों से आतंकियों और अपराधियों के लिंक मिलते हैं। सरकार चाहती है कि मदरसों को नियमों के अनुसार चलाया जाए, जिससे वहां बेहतर पढ़ाई मिल सके।
बुधवार को बागपत पहुंचे मंत्री संजय निषाद ने कहा कि मदरसों में उन्माद करना ही पढ़ाया जाता है, लेकिन अब मदरसों की हालत सुधारकर बच्चों को बेहतर ज्ञान दिलाया जाएगा। जिससे मदरसों के ऊपर से दाग भी धुल जाएगा और यह मुस्लिमों के लिए खुशी की बात होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि मदरसों को लेकर भड़काऊ बयान देने वाले मौलानाओं के खिलाफ अब उनकी ही बिरादरी खड़ी हो गई है। क्योंकि सच्चर कमेटी कि रिपोर्ट कहती है कि सबसे ज्यादा गरीब मुसलमानों में है और उनको गरीब बनाने वाले भी उनके ही लोग हैं। उनके ही लोगों ने हाथी और साइकिल की सरकार बनवाई और इन सरकारों ने गरीब बढ़ाए। अब इनको राशन देकर सरकार को खिलाना पड़ रहा है। जिस तरह से अयोध्या में मस्जिद हटाकर राम मंदिर बन रहा है। इस तरह ही देशभर में मंदिरों के पास से मस्जिदों को हटाया जाना चाहिए।
इस दौरान जिलाध्यक्ष सूरजपाल गुर्जर, उपाध्यक्ष कुलदीप भारद्वाज, निषाद पार्टी का मेरठ मंडल अध्यक्ष अशोक कश्यप, जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र कश्यप, संतराम कश्यप, वीरेंद्र डेढ़ा, शकील खान, सत्यवान उपाध्याय, प्रमोद पांचाल, सुमित गुर्जर, सुरेश कश्यप, देशपाल मल्हा आदि मौजूद रहे।
मदद करने वाला हर कोई बधाई का पात्र
ज्ञानवापी मामले में कहा कि इसमें मदद करने वाला हर कोई बधाई का पात्र है, क्योंकि यह केवल भारतीय संस्कृति को बचाए रखने के लिए किया जा रहा है। जिस तरह से भगवान राम ने निषाद राज को गले लगाया था और रावण राज खत्म हो गया था। इस तरह ही संजय निषाद को मोदी व योगी ने गले लगाया है। यहां कांग्रेस, बसपा, सपा का राज खत्म हो गया है। लोगों ने इनके बटन दबाने ही बंद कर दिए हैं।
बसपा और सपा के जाल में नहीं फंसेंगी पिछड़ी जातियां
मंत्री संजय निषाद ने कहा कि बसपा व सपा पहले पव्वा पिलाकर पिछड़ी जातियों का वोट लेते थे, लेकिन भाजपा सरकार ने उनको शिक्षित बनाया तो उनको हर सुविधा दी जा रही है। जिससे वह बसपा और सपा के जाल में नहीं फंसने वाले है। बसपा और सपा के पास अब कोई मुद्दा भी नहीं बचा है, जिससे लोग उनके बहकावे में आ सके।