पुस्तकालय की व्यवस्थाओं के लिए शासन को भेजी 30 लाख की डिमांड
स्वीकृत होने पर फर्नीचर, नवीन पुस्तक, चारदीवारी व प्रकाश की व्यवस्था कराई जाएगी
बागपत। जिला मुख्यालय पर राजकीय जिला पुस्तकालय की अधूरी व्यवस्थाओं को पूर्ण करने के लिए जिला स्तर पर 30 लाख रुपये की डिमांड तैयार का शासन को भेजी गई है। शासन से स्वीकृत होने पर पुस्तकालय में फर्नीचर, नवीन पुस्तक, चारदीवारी व प्रकाश की व्यवस्था कराई जाएगी।
नगर के श्री यमुना इंटर कालेज में राजकीय जिला पुस्तकालय का संचालन किया जा रहा है। वर्ष 2019 में पुस्तकालय तहसील परिसर में स्थानांतरित कर दिया गया था। विभाग की ओर से पुस्तकालय में युवाओं को प्रतियोगी और ज्ञानवर्धक पुस्तकों के अलावा पाठ्यक्रम से संबधित पुस्तकें, फर्नीचर, बाउंड्रीवाल वाटरकूलर, कंप्यूटर व प्रकाश की व्यवस्था कराने के लिए 30 लाख 50 हजार रुपये की डिमांड तैयार की गई है। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय की ओर से डिमांड शासन को भेजी गई है। प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक रामनिवास ने बताया कि शासन से स्वीकृत होने पर पुस्तकालय में फर्नीचर, नवीन पुस्तक, चारदीवारी व प्रकाश की व्यवस्था कराई जाएगी।
ऐसे होगी व्यवस्था
बागपत। प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक रामनिवास ने बताया कि पुस्तकालय की साज-सज्जा एवं फर्नीचर के लिए सात लाख, बाउंड्रीवाल के लिए दस लाख, सफाई के लिए एक लाख, अलमारी के लिए दो लाख वाटरकूलर, आरओ, सबमर्सिबल के लिए दो लाख 50 हजार, कंप्यूटर चार लाख रुपये, कंटीजेंसी के लिए एक लाख रुपये व प्रतियोगी परीक्षा की पुस्तकों के लिए तीन लाख रुपये का प्रस्ताव तैयार कर शासन को डिमांड भेजी गई है।