दोघट। बामनौली गांव के जंगल में बृहस्पतिवार रात फसल की रखवाली कर रहे किसानों के सामने तेंदुए ने एक कुत्ते का शिकार किया। वह कुत्ते को उठाकर ले गया। तेंदुए से किसानों में दहशत है और किसानों ने टार्च की रोशनी में तेंदुए की तलाश की, लेकिन तेंदुआ नहीं मिला।
बामनौली गांव निवासी किसान उमेश, सचिन ने बताया कि बृहस्पतिवार की रात करीब नौ बजे जंगल में फसल की रखवाली कर रहे थे। उनके साथ दो कुत्ते भी थे। तभी गांव के नजदीक खेत से एक तेंदुआ बाहर निकला और पलक झपकते ही एक कुत्ते को उठाकर ले गया। उनके शोर मचाने पर पास के खेत में काम कर रहे किसान मोहन, जितेंद्र, विपिन, नीटू, अशोक, दीपक, हितेश भी वहां पहुंच गए। जिसके बाद किसानों ने समूह बनाकर टार्च जलाकर तेंदुए की तलाश की। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों को सूचना देकर तेंदुए को पकड़वाने की मांग की। इस मामले में वन विभाग के रेंजर सुनेंद्र सिंह ने बताया कि एक टीम बामनौली के जंगल में भेजी जाएगी। किसानों की सूचना पर वन विभाग की टीम लगातार जंगल में कांबिंग कर रही है।