पोस्टमार्टम रिपोर्ट में लेखपाल प्रवीण राठी की मौत होने के कारण स्पष्ट नहीं हो सके। इस कारण लेखपाल की हत्या या फिर आत्महत्या के मामले से पर्दा नही उठ पाया। उधर, पुलिस मृतक लेखपाल की कॉल डिटेल के आधार पर जांच में जुटी हुई है। मृतक के परिजनों और रिश्तेदारों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं होने के बाद उसका बिसरा सुरक्षित कर लिया गया, जो जल्द ही जांच के लिए लैब भेजा जाएगा। साथ ही उसकी जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में थाना प्रभारी देवेश कुमार शर्मा का कहना है कि प्रथमदृष्टया जहरीले पदार्थ से मौत होना लग रहा है, लेकिन बिसरा की जांच में मौत होने के कारणों का सही पता लगेगा। उसी के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर पुलिस और परिजनों के अलग बयान
मृतक लेखपाल प्रवीण राठी के शव के पोस्टमार्टम ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। इसको लेकर पुलिस और परिजनों के बयान अलग-अलग हैं। मृतक के परिजनों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में प्रवीण राठी के सिर और पसली की हट्टी टूटी हुई मिली है, जिससे हत्या का शक गहरा रहा है। थाना प्रभारी देवेश कुमार शर्मा ने बताया कि सिर की कोई हड्डी टूटी हुई नहीं मिली। दो तीन पसलियों में चोट मिली है। शव कई दिन पुराना है, जिसकी बिसरा रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई होगी।