फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Baghpat News: पुरा महादेव में लाखों कांवड़ियों व श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक

Sat, 09 Mar 2024 02:02 AM IST
मेरठ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बागपत
विज्ञापन
विज्ञापन
बागपत, बालैनी। पुरा महादेव मंदिर पर महाशिवरात्रि पर लाखों कांवड़ियों व श्रद्धालुओं ने भगवान आशुतोष का जलाभिषेक किया। मंदिर में शुक्रवार सुबह से ही जलाभिषेक करने के लिए श्रद्धालुओं की लाइन लग गई थी। सुरक्षा के लिए मंदिर और मेला परिसर में पुलिस बल तैनात रहा।
विज्ञापन

पुरा महादेव पर फाल्गुनी मेले के दूसरे दिन श्रद्धालुओं की भीड़ रही। कांवड़ियों के अलावा आसपास और दूर दराज से आए श्रद्धालुओं ने भगवान आशुतोष का जलाभिषेक कर सुख-शांति की कामना की। मंदिर में त्रयोदशी का जलाभिषेक करने के लिए सुबह चार बजे से ही लाइन लगनी शुरू हो गई थी। मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित जयभगवान शर्मा के अनुसार शुक्रवार देर रात तक करीब पांच लाख कांवड़ियों व श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। जलाभिषेक करने के लिए श्रद्धालुओं को परेशानी न हो, इसके लिए बैरिकेडिंग के अलावा मंदिर के प्रवेश द्वार, गर्भ गृह और मेला परिसर में पुलिस तैनात रही। स्वास्थ्य विभाग की ओर से श्रद्धालुओं के लिए दवाइयों की व्यवस्था कराई गई। मंदिर में बनाए गए कंट्रोल रूम से पुलिस कर्मियों ने निगरानी की।
- झंडा पूजन के बाद शुरु हुआ चतुर्दशी का जलाभिषेक
पुरा महादेव मंदिर में शुक्रवार को रात नौ बजे झंडा पूजन शुरु किया और नौ बजकर 52 मिनट पर झंडारोहण के बाद चतुर्दशी का जलाभिषेक शुरू किया गया। मंदिर के पुजारी पंडित जयभगवान शर्मा ने मंत्रोचार के साथ झंडापूजन कराया। झंडा पूजन में डीएम जितेंद्र कुमार यादव, एसपी अर्पित विजयवर्गीय के अलावा मंदिर समिति के पदाधिकारी मौजूद रहे।
विज्ञापन

- रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया मंदिर
पुरा महादेव मंदिर को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है। इसके अलावा पुरा महादेव-बालैनी मार्ग, पुरा महादेव-बुढसैनी मार्ग पर श्रद्धालुओं के लिए प्रकाश की व्यवस्था कराई गई है।
- खूब हुई खरीदारी, दुकानों पर लगी रही भीड़
पुरा महादेव पर भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए आए श्रद्धालुओं ने मेेले में खूब खरीदारी की। अधिकांश दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ लगी रही। सबसे अधिक भीड़ सौंदर्य प्रसाधन और खिलौनी की दुकानों पर रही। मेले में आईं महिला श्रद्धालुओं ने खरीदारी की, वहीं बच्चों ने खिलौने खरीदे।
- अधिकारियों ने निरीक्षण कर देखी व्यवस्था
पुरा महादेव मेले में सुरक्षा को लेकर कड़े इंतजाम किए गए। डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह, एसपी अर्पित विजयवर्गीय और अन्य अधिकारियों ने मेले का निरीक्षण कर व्यवस्था देखी। अधिकारियों सुरक्षा कर्मियों को श्रद्धालुओं के साथ अभद्र व्यवहार न करने और सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बरतने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। पुरा महादेव मंदिर में पुलिस के साथ स्काउट और संघ के वालियंटर ने सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाली।
- नगर देहात के शिवालयों में भी रही श्रद्धालुओं की भीड़
शिवरात्रि पर नगर और देहात के मंदिरों में भी श्रद्धालुओं की भीड़ रही। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का फल, शहद, दूध, दही, बेलपत्र और गंगाजल से अभिषेक कर परिवार में सुख-शांति की कामना की। शुक्रवार को नगर के बाबा जानकीदास मंदिर, राधा-गोविंद दामोदर मंदिर, हनुमान मंदिर, पक्का घाट मंदिर, चमरावल रोड स्थित शिव मंदिर, मेरठ रोड स्थित शिव मंदिर, भूमिया शिव मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़। इसके अलावा देहात के शिवालयों में भी श्रद्धालुओं ने भगवान आशुतोष का जलाभिषेक किया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें