बड़ौत। एसपी रेलवे मुरादाबाद आशुतोष शुक्ला ने शुक्रवार को जीआरपी थाने का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण केे दौरान एसपी ने बैरक व आवास, मैस व जीआरपी थाने का संपत्ति गृह की जर्जर हालत पर खासी नाराजगी जताई और रेलवे प्रशासन को इनकी मरम्मत कराने के लिए जीआरपी थानाध्यक्ष को पत्र लिखकर भेजने के लिए कहा।
एसपी रेलवे महाशिवरात्रि पर पुरा महादेव पर जलाभिषेक के लिए पहुंचे थे। यहां पर जलाभिषेक के बाद वे अचानक जीआरपी थाना बड़ौत पहुंच गए। अचानक जीआरपी थाने के हुए इस निरीक्षण से पुलिसकर्मियों में हडकंप मच गया। इस दौरान एसपी ने बैरक, अभिलेख, सफाई व्यवस्था, महिला हेल्प डेस्क का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद थाने की कार्यप्रणाली पर संतुष्टि जताई और थानाध्यक्ष उधम सिंह तालान की सराहना की।
इसके बाद वह बैरक, आवास व मैस देखने पहुंचे। जिनकी खस्ता हालत देखकर उन्होंने नाराजगी जताई। इसके बाद पुलिस अधीक्षक रेलवे आशुतोष शुक्ला ने इस संबंध में विभाग को पत्राचार किए जाने की बात कही, ताकि आवासों समेत अन्य की हालत ठीक की जा सके। साथ ही निर्देशित किया कि ट्रेनों में चोरी समेत दूसरी घटनाओं को अंजाम देने वाले या फिराक में रहने वालों के खिलाफ अभियान तेज किया जाए।