बागपत। महिलाएं आत्मनिर्भर बनने के लिए मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना का सहारा ले रही हैं। इस योजना में आवेदन करने वाली 50 फीसदी महिलाएं हैं और इनमें से 40 फीसदी महिलाओं के आवेदन स्वीकृत हो गए हैं। इन्हें जल्द ही बैंक से लोन मिलने पर वह अपना कारोबार शुरू कर सकती हैं।
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना से युवाओं को कारोबार कराकर आत्मनिर्भर बनाने की पहल की जा रही है। इसमें 50 फीसदी महिलाएं अपना कारोबार करने के लिए रुचि दिखा रही हैं ताकि वे आत्मनिर्भर बनकर परिवार की मदद कर सकें। इनमें सबसे अधिक 20 फीसदी महिलाएं ऐसी हैं, जो ब्यूटी पार्लर लगाना चाहती हैं।
इसके अलावा 10 फीसदी महिलाएं सिलाई कढ़ाई के लिए लोन ले रही हैं तो पांच फीसदी महिलाएं कंप्यूटर सेंटर खोलकर लड़कियों को शिक्षित करने पर ध्यान दे रही हैं। इन्हीं के साथ कुछ महिलाएं किराना की दुकान तो अन्य जींस फैक्टरी लगाना चाहती हैं।
इनमें पांच लाख रुपये से लेकर 25 लाख रुपये का लोन लेने के लिए आवेदन किए गए हैं। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए आवेदन स्वीकृत कर बैंक में भेज दिए गए हैं। बैंक से 25 फीसदी महिलाओं को लोन मिल चुका है और अपना कारोबार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। 10 फीसदी महिलाओं ने कारोबार शुरू भी कर दिया है।