बड़ौत। बौढ़ा गांव में बृहस्पतिवार को दो दिवसीय सरदार वल्लभ भाई पटेल शूटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें आधा दर्जन गांवों के शूटरों ने प्रतिभाग कर शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि डॉ. जयकुमार सरोहा ने फीता काटकर किया। उन्होंने कहा कि आज युवा खेलकूद में भी कॅरियर बना सकता है। क्योंकि खेल कोटे से जनपद के बहुत से खिलाड़ी देश-दुनिया में विभिन्न विभागों में कार्यरत हैं। प्रतियोगिता में लूंब, तुगाना, किरठल, रमाला, नांगल, रठौड़ा आदि गांवों से शूटरों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में पहले मैच में कुर्डी गांव की बी टीम का बौढ़ा गांव की बी टीम से मुकाबला हुआ। जिसमें कुर्डी गांव की टीम ने 22/20 के अंतर से जीत हासिल की। मैच रेफरी रामरतन व नेपाल खलीफा रहे। आयोजन को सफल बनाने में राजीव शर्मा, भोपाल, राजवीर, सुरेंद्र, विनोद मैनेजर, सतीश, जितेंद्र, गोविंद, महसिंह आदि का योगदान रहा।