- हरिद्वार से गंगाजल लेकर क्षेत्र में पहुंचे हरियाणा, राजस्थान, पंजाब और दिल्ली के कांवड़िए
फोटो-छह
संवाद न्यूज एजेंसी
दोघट। हरिद्वार से गंगाजल लेकर हरियाणा, राजस्थान, पंजाब और दिल्ली के कांवड़िए अपनी मंजिल की ओर बढ़ रहे हैं। सावन माह की शिवरात्रि 11 अगस्त को मनाई जाएगी, जिसके लिए श्रद्धालु विभिन्न मन्नतें लेकर यात्रा कर रहे हैं।
कांवड़िए बड़ौत-बुढ़ाना मार्ग से होते हुए हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान की ओर जा रहे हैं। सोनीपत के पलड़ी खुर्द गांव निवासी गौरव दूसरी बार कलश कांवड़ लेकर आए हैं। वह 101 लीटर गंगाजल लेकर अपने माता-पिता की लंबी उम्र के लिए जलाभिषेक करेंगे। सोनीपत के जतिन और सचिन 200 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर रहे हैं। उन्होंने भगवान शिव से पुलिस में नौकरी लगने की मन्नत मांगी है। शाहदरा निवासी अरविंद और रुपेश घर में सुख-शांति के लिए तीसरी कांवड़ लेकर आ रहे हैं। वे बम-बम भोले और हर-हर महादेव के जयघोष से अपनी थकान दूर कर रहे हैं। मार्ग में कई गांवों में स्थानीय लोग पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत कर रहे हैं।
कांवड़ यात्रा में शामिल श्रद्धालु अपनी गहरी आस्था के साथ आगे बढ़ रहे हैं। कोई माता-पिता के दीर्घायु होने की कामना कर रहा है तो कोई सरकारी नौकरी की। यात्रा की कठिनाइयों के बावजूद, भक्तों का उत्साह देखते ही बनता है। जयघोष और स्थानीय लोगों का स्वागत उनकी यात्रा को और प्रेरणा दे रहा है।