बागपत,बिनौली। बिनौली में अमीनगर सराय मार्ग पर शुक्रवार को कैडवा के शिवभक्तों की झांकी वाली कांवड़ हाईटेंशन लाइन मेें उलझने से एक कांवड़िया झुलस गया, जबकि कई कांवडियों को करंट लगा। इससे ट्रैक्टर का अगला टायर भी जलकर फट गया। गुस्साए कांवड़ियों ने एसडीओ का घेराव कर हंगामा किया और उन्हें खोटी सुनाई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह मामला शांत कराया।
कैडवा गांव से पूर्व प्रधान नरेश कुमार, रणवीर सिंह, गुड्डू, बिल्लू, नवीन, पिंटू, अनिल सहित करीब 50 शिवभक्त हरिद्वार से ट्रैक्टर-ट्रॉली में झांकी वाली कांवड़ लेकर आ रहे थे। शुक्रवार को जब कांवड़ बिनौली में अमीनगर सराय मार्ग पर पहुंची, तो झांकी वाली कांवड़ के ट्रॉले में लगा साउंड हाईटेंशन विद्युत लाइन से टकरा गया। इससे ट्रैक्टर में करंट दौड़ गया और कांवड़िया प्रदीप पुत्र नरेंद्र निवासी कैडवा करंट लगने से झुलस गया। जबकि चालक नरेश, बिल्लू, सतीश मुखिया, यशपाल को भी करंट लगा, तो उन्होंने कूदकर जान बचाई।
झुलसे कांवड़िये को सीएचसी बिनौली ले जाया गया। जहां से चिकित्सकों ने उसे गंभीर हालत में बड़ौत के लिए रेफर कर दिया। हादसे से गुस्साए कांवड़ियों ने ऊर्जा निगम पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया और वहां पर पहुंचे एसडीओ अमित कुमार, अवर अभियंता महेश राज शर्मा का घेराव कर उन्हें खरी-खोटी सुनाई।
कांवड़ियों ने ऊर्जा निगम के अधिकारियों से झुलसे कांवडिया प्रदीप के उपचार का खर्च व ट्रैक्टर में हुए नुकसान की भरपाई करने के अलावा लटक रही लाइन को सही ढंग से खीचने की मांग की। सूचना पर पहुंचे एक्सईएन द्वितीय नितिन जायसवाल, सीओ बागपत हरीश भदौरिया ने कांवड़ियों को आश्वासन देकर शांत किया। इसके बाद कांवड़िये पुरा महादेव जलाभिषेक करने चले गए।