जेई का ऑडियो वायरल, रुपये लेकर जांच रिपोर्ट दबाने की बातचीत
बागपत। गोठरा ग्राम पंचायत में विकास कार्यों में अनियमितता बरतने के आरोप में हुई जांच की रिपोर्ट को लेकर जेई व शिकायतकर्ता की बातचीत का एक ऑडियो वायरल हो गया है। जिसमें एक अधिकारी के रुपये लेकर जांच रिपोर्ट दबाने की बातचीत की जा रही है।
वायरल ऑडियो पंचायतीराज विभाग के जेई और गोठरा ग्राम पंचायत में विकास कार्यों में अनियमितता बरतने की शिकायत करने वाले व्यक्ति का बताया जा रहा है। ऑडियो में शिकायतकर्ता सही जांच कर कार्रवाई की बात कर रहा है। जिसमें जेई अपनी तरफ से जांच रिपोर्ट अधिकारियों को भेजने की बात कह रहा है और जांच में गबन निकलने की बात कह रहा है। इसके साथ ही एक अधिकारी पर रिपोर्ट दबाकर गबन करने वालों को बचाने की भी बात की गई है। जिसके बाद शिकायतकर्ता व जेई की बातचीत की रिकार्डिंग सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है। उधर जेई का कहना है कि ऑडियो पुराना है, जिसे छेड़छाड़ के बाद वायरल किया गया है।
डीपीआरओ अमित त्यागी का कहना है कि ऑडियो से किसी का कोई मतलब नहीं है और आपस में बातचीत करते हुए कोई किसी के बारे में कुछ भी कह सकता है।