बड़ौत। जिला विद्यालय निरीक्षक ने एसडीएम को पत्र भेजकर रामकुमार तोमर चुनाव अधिकारी द्वारा जारी जाट शिक्षा सभा बड़ौत के निर्वाचन को अवैधानिक बताया। वहीं, विवाद उत्पन्न होने की स्थिति में शांति बनाए रखने की मांग की। इस पर एसडीएम ने सीओ को पत्र भेजकर शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक बागपत रवींद्र कुमार ने पत्र लिखकर एसडीएम पूजा चौधरी को कराया अवगत। बताया कि चुनाव अधिकारी को चुनाव कार्यक्रम जारी करने से पहले स्थानीय प्रशासन की अनुमति लेने का नियम है जबकि रामकुमार तोमर ने ऐसा नहीं किया। यह कृत्य विधिविरुद्ध है। उक्त प्रकरण में उपजिलाधिकारी को दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की आख्या प्रस्तुत की है। इस संबंध मेें एसडीएम पूजा चौधरी ने बताया कि डीआईओएस का पत्र मिला है। प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए सीओ युवराज सिंह को शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कहा है।
उधर, वीरेंद्र सिंह लौहड्डा ने बताया कि जाट शिक्षा सभा/ जनता वैदिक कॉलेज का चुनाव है। प्रबंध समिति द्वारा नियमानुसार रामकुमार तोमर को चुनाव अधिकारी बनाया है। वे शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव संपन्न कराएंगे उधर, चुनाव अधिकारी रामकुमार ने बताया कि उन्हें प्रबंध समिति ने पहले ही चुनाव अधिकारी मनोनीत कर रखा है। अब चुनाव प्रक्रिया नियमानुसार कराई जा रही है।
कुछ दिन पहले डिप्टी रजिस्ट्रार अरविंद कुमार सिंह ने एसडीएम पूजा चौधरी को पत्र भेजकर बताया था कि जाट शिक्षा सभा बड़ौत पंजीकृत सोसाइटी है। उक्त सूची में जगवीर सिंह अध्यक्ष पद पर पंजीकृत हैं।