बड़ौत। सराफा बाजार में स्थित जैन मंदिर के अनुयायी और जैनाचार्य तेजाब से सोना-चांदी गलाने वाली भट्ठी से उठने वाले धुएं से परेशान हैं। कई बार शिकायत किए जाने के बाद भी कार्रवाई न होने पर अब जैन समाज के लोगों में आक्रोश पनपता जा रहा है। महावीर स्वामी जैन श्वेताम्बर मूर्ति पूजक के पदाधिकारियों व सदस्यों ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर भट्ठी को बंद कराने की मांग की।
श्री महावीर स्वामी जैन श्वेतांबर मूर्ति पूजक के प्रधान एडवोकेट संतोष जैन ने बताया कि नगर के सराफा बाजार में जैन मंदिर स्थित है। भवन के बराबर में तेजाब द्वारा सोना, चांदी गलाने का कार्य किया जाता है। इस भट्ठी से निकलने वाले जहरीले धुएं से लगातार प्रदूषण बढ़ रहा है। दिनभर इस जहरीले धुएं के निकलने से मंदिर में और आराधना भवन में पूजा पाठ करना तक मुश्किल भरा हो गया है।
महामंत्री जुगमेंद्र का आरोप है कि गैर कानूनी तरीके से यहां चोरी के जेवरात व सोना चांदी गलाने का भी कार्य करता है। लगातार शिकायतों के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
मौके पर संतोष कुमार जैन, अनुराग जैन, दीपक जैन शामिल रहे। एसडीएम सुभाष सिंह ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है, यदि ऐसा है तो कहना है कि मुख्यमंत्री पोर्टल पर की गई शिकायत के बाद जांच भी सौंप दी गई है। जांच के बाद उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।