- सुरक्षा व्यवस्था के कारण जिला कारागार से अस्पताल नहीं भेजे गए बंदी
- जिला जेल की ही एक बैरक में बंदियों रखा गया
अमर उजाला ब्यूरो
बागपत। जिला कारागार में मिले 22 कोरोना संक्रमित बंदियों को कोविड अस्पताल में शिफ्ट नहीं किया जा सका है। जेल अधीक्षक ने सुरक्षा का हवाला देते हुए बंदियों को कोविड अस्पताल में भेजने से इंकार कर दिया। बंदियों को जेल में ही एक बैरक में रखा गया है। एंबुलेंस जिला कारागार से वापस कोविड अस्पताल लौट आई।
मंगलवार को जिला कारागार के 22 बंदी कोरोना संक्रमित मिले। स्वास्थ्य विभाग ने सर्वोदय अस्पताल टटीरी में बंदियों को शिफ्ट करने की तैयारियां की। तीसरी मंजिल को खाली कराया गया और यहां से मरीजों को अन्य कमरों में शिफ्ट किया गया। स्वास्थ्य विभाग ने एंबुलेंस जिला कारागार भेजी, लेकिन जेल प्रबंधन ने आधी अधूरी सुरक्षा को देखते हुए बंदियों को भेजने से इंकार कर दिया। जेल अधीक्षक सुरेश कुमार सिंह का कहना है कि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं है। पहले भी बंदी भाग चुके हैं। बिहार के किशोर का पुलिस अभी तक सुराग नहीं लगा सकी है। देर रात तक मंथन चलता रहा। जेल अधीक्षक ने बंदियों को जिला कारागार में ही एक बैरक में शिफ्ट करा दिया है। फिलहाल मामले को लेकर ऊहापोह की स्थिति बनीं है। जेल अधीक्षक का कहना है कि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम होने पर बंदियों को भेज दिया जाएगा।