बड़ौत (बागपत)। शबगा गांव में उधर में दिए गए रुपये मांगने पर दूसरे समुदाय के लोगों ने भारोत्तोलन की अंतरराष्ट्रीय महिला खिलाड़ी व उसके भाई के साथ मारपीट की और धमकी दी कि यदि पुलिस से शिकायत की तो जान से मार देंगे। दहशतज़दा पीड़िता ने इस मामले में छपरौली थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
शबगा गांव निवासी सुशीला पंवार भारोत्तोलन की अंतरराष्ट्रीय महिला खिलाड़ी है। वह कई प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक सहित अन्य पदक जीत चुकी हैं। उसने छपरौली थाने में तहरीर देते हुए बताया कि कुछ महीने पहले गांव के ही दूसरे समुदाय के लोग मजबूरी का बहाना बनाकर उनसे उधार में तीन लाख रुपये ले गए , लेकिन बार-बार मांगने के बाद भी तय समय पर उन्होंने रुपये नहीं लौटाए। आरोप है कि जब महिला खिलाड़ी का भाई अभय उनसे पैसे मांगने गया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। इस दौरान महिला खिलाड़ी सूचना मिलने पर अपने भाई को बचाने पहुंची, तो उसके साथ भी मारपीट कर दी और सुशीला का मोबाइल भी तोड़ दिया। सीओ सविरत्न गौतम ने बताया कि घटना की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।