परिषद ने परीक्षा कराने के लिए विद्यालयों में सुविधाओं और संसाधनों का ब्योरा मांगा
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी है। परिषद ने विद्यालयों के प्रधानाचार्यों व प्रबंधकों को विद्यालयों में उपलब्ध सुविधाओं और संसाधनों का ब्योरा परिषद की वेबसाइट पर अपलोड करने के निर्देश दिए हैं। परिषद ने विद्यालयों का ब्योरा अपडेट करने में अनियमितता बरतने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है। सुविधाओं का ब्योरा अपडेट होने के बाद परीक्षा केंद्रों का निर्धारण किया जाएगा।
जिला विद्यालय निरीक्षक रवींद्र सिंह ने बताया कि यूपी बोर्ड परीक्षा में केंद्र निर्धारण परिषद की ओर से ऑनलाइन किया जाएगा। इसके लिए परिषद ने सभी विद्यालयों में उपलब्ध सुविधाओं और संसाधनों का ब्योरा वेबसाइट पर अपलोड करने के निर्देश दिए हैं। इसमें विद्यालयों में चाहरदीवारी, छात्र धारण क्षमता, गेट, पेयजल, बिजली, फायर एक्स्टीग्विशर, सफाई, सीसीटीवी, वायस रिकार्डर, डीवीआर के साथ राउटर डिवाइस, हाईस्पीड इंटरनेट कनेक्शन, विद्यालय की मुख्य मार्ग और संपर्क मार्ग से दूरी के बारे में जानकारी उपलब्ध करानी होगी।
परीक्षा केंद्र निर्धारण के लिए विद्यालयों के मध्य परस्पर दूरी की सूचना के लिए विकास खंडवार राजकीय विद्यालयों के प्रधानाचार्यो की समिति का गठन किया जाएगा। समिति परिषद की वेबसाइट पर विद्यालयों की जीयो टैगिंग वेबसाइट पर अपडेट करेगी। गलत लोकेशन अपडेट करने पर प्रधानाचार्यो को जिम्मेदार ठहराते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। समिति के सदस्य रजिस्टर में विद्यालय का नाम, मोबाइल नंबर, कोड दर्ज करेंगे। विद्यालयों के प्रधानाचार्यों द्वारा सूचना अपडेट करने पर जिला स्तर पर डीएम द्वारा गठित समिति विद्यालयों का भौतिक सत्यापन करेंगी। जिला विद्यालय स्तर से पूरा ब्योरा परिषद की वेबसाइट पर अपलोड किया जाएगा।