छात्रा से बोले इंस्पेक्टर, रेप होने पर कराते 164 के बयान
बड़ौत (बागपत)। अश्लील ऑडियो वायरल करने के आरोपी एक ओर तो छात्रा को शिकायत वापस न लेने पर तेजाब फेंकने और गर्दन काटने की धमकी दे रहे हैं, वहीं परिजनों के साथ शिकायत करने पहुंची छात्रा से कोतवाल और विवेचक ने कह दिया कि दुष्कर्म होने पर 164 के बयान लेते, इसमें कुछ नहीं होने वाला। कोई आरोपी कोतवाली तक आता भी है तो कोतवाली से ही जमानत मिल जाएगी। आरोप है कि कोतवाल और विवेचक ने छात्रा और परिजनों को धमकाकर भगा दिया। मामला एसपी के संज्ञान में पहुंचा तो एसपी ने कोतवाल और विवेचक से नाराजगी जताई और कार्रवाई के निर्देश दिए।
बृहस्पतिवार को कोतवाली पर अपने परिजनों के साथ ब्यान दर्ज कराने पहुंची छात्रा व उसके परिजनों को विवेचक व इंस्पेक्टर ऐसा जवाब दिया कि परिजन भी शर्म से पानी-पानी हो गए। आरोप है कि कोतवाल और विवेचक द्वारा धमकाकर कोतवाली से भगाए जाने के बाद पीड़िता व उसके परिजन एसपी से मिले और पूरे प्रकरण की जानकारी दी। इस पर एसपी ने विवेचक और इंस्पेक्टर से नाराजगी जताई और तुरंत कार्रवाई कर रिपोर्ट दिए जाने के निर्देश दिए।
उल्लेखनीय है कि कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली बीए की छात्रा को बदनाम करने के लिए गांव के ही कुछ युवकों ने अश्लील ऑडियो वायरल कर दिया था। पीड़िता ने कोतवाली में शिकायत की तो कोई सुनवाई नहीं हुई। मामला उच्चाधिकारियों तक पहुंचा तो तेजपाल व मनोज के खिलाफ मामला दर्ज कर तेजपाल को गिरफ्तार किया गया। लेकिन कुछ दिन बाद ही तेजपाल जमानत पर आ गया। आरोप है कि इस मामले में जहां नामजद आरोपी छात्रा व उसके परिजनों पर शिकायत वापस न लेने पर छात्रा पर तेजाब फेंकने व गर्दन काटने की धमकी दे रहे है, वही दूसरी ओर कोतवाली पुलिस का हाल इससे भी बुरा हो गया है।
ये बोले इंस्पेक्टर----
इंस्पेक्टर देवेश कुमार शर्मा का कहना है कि पीड़िता कोतवाली आई थी, उन्हें बताया गया कि उनकी शिकायत पर मुकदमा दर्ज है, अन्य आरोपी को भी जल्द पकड़ लेंगे। धमकाने व रेप जैसा केस कहने वाली जैसी बात नहीं कही गई, आरोप निराधार हैं। विवेचक रामनिवास का कहना है कि छात्रा उनके पास शिकायत लेकर आई थी। उसे समझाया था कि एक आरोपी को पकड़ लिया गया है। जांच की जा रही है। दुष्कर्म बात कहने का आरोप गलत है। अधिकारियों को भी फोन पर यही जानकारी दी है।