खेकड़ा थाने से आरोपी भागने पर इंस्पेक्टर और सिपाही लाइनहाजिर
बागपत। खेकड़ा थाने से पॉक्सो एक्ट के आरोपी के भागने के मामले में एसपी ने कार्रवाई करते हुए खेकड़ा इंस्पेक्टर डीके त्यागी व सिपाही सुनील कुमार को लाइनहाजिर कर दिया। वहीं आरोपियों को नहीं पकड़ने व जनसुनवाई में फिसड्डी आने पर दोघट थाना इंस्पेक्टर किरणपाल को भी लाइनहाजिर किया गया।
खेकड़ा पुलिस ने बुधवार रात पॉक्सो एक्ट के मुकदमे में गाजियाबाद के मेवला भट्टी निवासी अरुण को पकड़ा था। वह बृहस्पतिवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे शौचालय गया था और वहां से थाने की दीवार कूदकर भाग गया था। उसे काफी दूर पीछा करने के बाद पकड़ा गया था। इस घटना को इंस्पेक्टर दबाए रहे और वह सभी से इस तरह का कोई मामला नहीं होने की बात कहते रहे। सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पूरी स्थिति साफ हो गई, जिस पर एसपी नीरज कुमार जादौन ने कार्रवाई करते हुए इंस्पेक्टर व सिपाही को लाइनहाजिर किया।
वीरेंद्र सिंह राणा बने खेकड़ा थाना प्रभारी, कई अन्य बदले
एसपी नीरज कुमार जादौन ने सिंघावली अहीर थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह राणा को खेकड़ा थाना प्रभारी नियुक्त किया। साथ ही खेकड़ा के इंस्पेक्टर क्राइम राजकुमार को क्राइम ब्रांच भेजा। इसके अलावा एसआई शिववीर सिंह भदौरिया को टीकरी चौकी प्रभारी, एसआई महेंद्र सिंह को टीकरी चौकी, एसआई प्रियवृत्त को रटौल चौकी प्रभारी, एसआई वृक्षपाल सिंह को पाठशाला चौकी प्रभारी, एसआई धनवीर सिंह को जेल चौकी प्रभारी नियुक्त किया।