छपरौली। कस्बे में बिजली का बकाया जमा न करने पर कनेक्शन काटने पर उपभोक्ता ने टीम के साथ अभद्रता कर दी। ऊर्जा निगम के अवर अभियंता ने उपभोक्ता समेत चार लोगों के खिलाफ थाने पर तहरीर दी है।
ऊर्जा निगम के अवर अभियंता संतोष कुमार ने बताया कि कस्बे में राजस्व वसूली का अभियान चलाया जा रहा है। कस्बे के एक उपभोक्ता पर निगम का 30,842 रुपये का बिल बकाया चल रहा था। बृहस्पतिवार को टीम ने बकाया जमा न करने पर उपभोक्ता का कनेक्शन काट दिया। जिस पर उपभोक्ता ने तीन अन्य लोगों के साथ मिलकर टीम के साथ अभद्रता करते हुए कनेक्शन जोड़ने का दबाव बनाया। टीम के कनेक्शन जोड़ने से मना करने पर उनके साथ गाली-गलौज की। थाना प्रभारी नितिन पांडेय ने बताया कि तहरीर मिली है, जांच कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद