बागपत जनपद में पुलिस बदमाशों के आगे पूरी तरह से फेल हो गई। केसों का खुलासा तो दूर पुलिस वारदातों को भी नहीं रोक पा रही है। इससे जनपद के लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
जनपद में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। एक के बाद एक आपराधिक वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। सात नवंबर को शहर के राष्ट्र वंदना चौक पर यूनियन बैक के सामने पेट्रोल पंप के सेल्समैन सचिन शर्मा को गोली मारकर 5.88 लाख रुपये की लूटपाट की।
व्यापारियों ने पुलिस अफसरों का घेराव कर केस के खुलासे की मांग की थी। इसी दिन शाम को रमाला क्षेत्र में सराफ से करीब तीन लाख रुपये के आभूषण लूटे थे। इसके बाद भी बदमाशों ने चोरी और लूट की कई वारदातों को अंजाम दिया। एक सप्ताह बाद भी पुलिस बड़ी वारदात का खुलासा नहीं कर पाई है। सोमवार को दिन निकलते ही अमीनगर सराय में सर्राफ अंकित वर्मा के मकान में बदमाशों ने डाका डाला। दोपहर को रटौल में पेट्रोल पंप पर फायर कर लूटपाट की। लगातार हो रही लूटपाट से लोग खुद को अपने घर में भी असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। एएसपी अजीजुल हक ने कहा वारदातों का पुलिस खुलासे का पूरा प्रयास कर रही है। जल्द ही सभी केसों का खुलासा कर दिया जाएगा।
व्यापारियों ने जताया रोष
अमीनगर सराय। सराफा के घर डाका होने की वारदात से आक्रोशित व्यापारियों ने बाजार बंद कर रोष व्याप्त किया। उनकी पुलिस से नोकझोंक हुई। उनका कहना है कि कस्बे में यह पहली वारदात नहीं है। सात साल पहले भी इसी तरह कस्बे में वारदात हुई थी। पुलिस वारदातों को गंभीरता से नहीं लेती है। उन्होंने एसपी अजय शंकर राय से बाजार में पुलिस गश्त, पीड़ित व्यापारी की सुरक्षा, केस का खुलासा करने और कस्बे में रिपोर्टिंग चौकी की मांग की है। इस मौके पर राकेश बंसल, पवन सिंघल, ईश्वर अग्रवाल, श्रीपाल वर्मा, सुशील बंसल मौजूद रहे। एसपी ने समस्याओं के समाधान करने का भरोसा दिया।
कैमरे की मैमोरी निकलकर ले गए बदमाश
अमीनगर सराय। पीड़ित सराफ अंकित वर्मा ने बताया बदमाश मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की मेमोरी भी अपने साथ ही ले गए हैं। बदमाशों ने करीब सवा घंटे में वारदात को अंजाम दिया है।
बदमाशों को पकड़ने के लिए लोगों ने की फायर
अमीनगर सराय। डाका डालने का पता चलते ही कस्बे में हड़कंप मच गया था। लोग फायर करते हुए बदमाशों की तलाश में दौड़ पड़े, लेकिन बदमाशों का कहीं पता नहीं चला।
बदमाशों की आपस में भी हुई नोकझोंक
अमीनगर सराय। पीड़ितों के मुताबिक उनके मकान में ही बदमाशों की किसी बात पर कहासुनी हो गई थी। एक बदमाश ने गाली देकर कहा इस सारे सामान में अभी आग लगा दूंगा। ज्यादा मत बोल। माना जा रहा है उनकी आभूषण के बटवारे को लेकर विवाद हुआ था।
बदमाश आपस में राहुल और राणा ले रहे थे नाम
अमीनगर सराय। बदमाश आपस में अपना नाम राहुल और राणा ले रहे थे। इससे पता चलता है बदमाशों में राहुल और राणा नाम के युवक शामिल रहे है। इसके आधार पर ही पुलिस ने बदमाशों का चिट्ठा खंगाला शुरू कर दिया है।
.... तू तो हमारी बहन है, तुझे हम कुछ नहीं कहेंगे
अमीनगर सराय। पीड़ित सारिका वर्मा के मुताबिक बदमाशों ने जब उनको बंधक बना लिया। वह बोली, भाई मकान का सारा सामान ले जाओ, लेकिन हमको कुछ मत कहो, इसके बाद बदमाश बोले, तू तो हमारी बहन है, तुझे हम कुछ नहीं कहेंगे।
पिस्टल तेरी पहुंच जाएगी, बाद में कर दिया मना
अमीनगर सराय। दुकान से पिस्टल उठाते समय कहा, पिस्टल तेरी जल्द ही मिल जाएगी, लेकिन बाद में एक बदमाश बोला, यह तो बहुत अच्छी है। इसको हम नहीं देंगे।
मकान में बंद कर भागे बदमाश
अमीनगर सराय। अंकित वर्मा ने बताया बदमाश वारदात को अंजाम देने के बाद उसको कमरे में बंद कर फरार हो गए थे। उसके चिल्लाने पर पड़ोस के लोगों ने मकान खोला।
कस्बे में लगेंगे सीसीटीवी कैमरे
अमीनगर सराय। नगर पंचायत के चेयरमैन डॉ. मांगेराम यादव ने कहा आपराधिक वारदातों को देखकर नगर पंचायत गंभीर है। उन्होंने कहा कस्बे में महत्वपूर्ण स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इनकी मदद से पुलिस को अपराधी को पकड़ने में मदद मिलेगी।