बागपत, दोघट। कृषक सेवा सहकारी समिति दाहा के प्रबंध निदेशक का अपहरण कर रंगदारी मांगने के मुकदमे के विवेचक बदल दिये गए। जिस पर शिकायतकर्ता ने आपत्ति जताई और जांच प्रभावित होने की आशंका जताई।
कृषक सेवा सहकारी समिति दाहा के प्रबंध निदेशक विवेक चौधरी का 30 मार्च को अपहरण कर 16 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। एमडी ने समिति चेयरमैन कमल सिंह राणा, उसके हिस्ट्रीशीटर भाई निर्भय सिंह, लियाकत के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने लियाकत को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। जबकि समिति चेयरमैन समेत दो आरोपी फरार चल रहे हैं। जिनके घर कुर्की के नोटिस चस्पा किया जा चुका है।
मुकदमे की जांच विवेचक एसएसआई नंद किशोर राजपूत कर रहे थे। बताया कि एसपी ने मुकदमे के विवेचक को बदल दिया और दाहा चौकी इंचार्ज देवेंद्र को जांच सौंपी। विवेचक बदलने के मामले में वह एडीजी से मिलकर शिकायत करेंगे।
इस मामले में थाना प्रभारी देवेश कुमार शर्मा ने बताया कि मुकदमे के विवेचक कई दिन पहले बदले गए थे। अब दाहा चौकी इंचार्ज को मुकदमे की जांच सौंपी गई है।