जिलाधिकारी नरेंद्र शंकर पांडेय ने कहा है कि ग्राम पंचायत चुनाव के दौरान यदि कोई प्रत्याशी वोटरों को धमकाएगा या दबाव बनाएगा तो कड़ी कार्रवाई होगी। बूथाें तक किसी के वाहन भी नहीं जाएंगे।
जिलाधिकारी नरेंद्र शंकर पांडेय दूसरे चरण के बड़ौत, छपरौली, रमाला थाना क्षेत्र के प्रधान एवं सदस्य पद के प्रत्याशियों की बैठक ले रहे थे। उन्होंने कहा कि मतदाताओं को लुभाने, उपहार, शराब आदि बांटने, डराने, धमकाने का मामला संज्ञान में आया तो संबंधित प्रत्याशी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि आचार संहिता का पूरी तरह से पालन करें। कोई प्रत्याशी मतदाता को कोई डराता या धमकाता है तो आरोपी पर कार्रवाई की जाएगी और पीड़ित को सुरक्षा दी जाएगी।
डीएम ने प्रत्याशियों को चेतावनी दी कि कोई भी प्रत्याशी मतदाताओं को वाहनों से बूथ तक नहीं लाएगा। ऐसा पाए जाने पर वाहन को सीज कर दिया जाएगा।
बड़ौत का एआरओ बदला
बागपत। बड़ौत के हसनपुर जिवानी में एक प्रधान पद के उम्मीदवार के नामांकन के मामले में विवादों में घिरे सहायक निर्वाचन अधिकारी लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता हरी गोविंद सिंह हटा दिया गया है। उन्हें कासिमपुर खेड़ी न्याय पंचायत में लगाया गया था। उनके स्थान पर ग्राम विकास संथान बड़ौत के वरुण चतुर्वेदी को सहायक निर्वाचन अधिकारी बनाया गया है।