बागपत, बिनौली। शाहपुर बाणगंगा के वन्य क्षेत्र में चल रही अवैध हथियार बनाने की फैक्टरी का बिनौली पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस दौरान उसका एक साथी पुलिस पर फायर कर फरार हो गया। पुलिस ने वहां से बने व अधबने अवैध हथियार व हथियार बनाने के उपकरण भी बरामद किए हैं।
सीओ बागपत हरीश सिंह भदौरिया ने बताया ने थाना बिनौली पुलिस को शुक्रवार की रात्रि मुखबिर द्वारा शाहपुर बाणगंगा के वन्य क्षेत्र में अवैध हथियार बनाने की फैक्टरी संचालित होने की सूचना मिली। सूचना पर इंस्पेक्टर एमपी सिंह व पुलिस फोर्स ने वहां छापा मारा और मोहम्मद फैयाज पुत्र नूर मोहमद निवासी इकबाल पुरा कैराना को एक 315 बोर तमंचा व खाली कारतूस के साथ गिरफ्तार किया।
इस दौरान उसका दूसरा साथी दिलावर निवासी जौला हाल निवासी कांधला पुलिस पर फायर कर भाग निकला। पुलिस ने वहां से नौ पूर्ण बने 315 बोर तमंचे, 12 अधबने 315 बोर तमंचे व हथियार बनाने में उपयोग किए जाने वाले ड्रिल मशीन, ग्लेंडर, 5 किलोग्राम लोहे का बांट, 20 आरी के ब्लेड, 15 वेल्डिंग रॉड आदि उपकरण बरामद किए हैं। सीओ ने बताया कि फरार आरोपी दिलावर आसपास के क्षेत्र में तमंचे बेचने का कार्य करता है।