बागपत। जिला अस्पताल में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए शासन स्तर से कैमरों के सहारे ऑनलाइन मॉनिटरिंग की जा रही है। अस्पताल की ओपीडी, लैब, एमएनसीयू, एनआरसी, जनरल वार्ड की निगरानी हो रही है। बृहस्पतिवार को जनरल वार्ड में डस्टबिन न दिखने पर निगरानी कक्ष से तुरंत फोन आ गया।
सीएमएस डॉ़ एसके चौधरी ने बताया कि अस्पताल में चिकित्सकों और मेडिकल स्टाफ की शासन स्तर से निगरानी की जा रही। अस्पताल के 13 सीसीटीवी कैमरों को शासन स्तर पर निगरानी कक्ष से जोड़ा गया है। निगरानी कक्ष से अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं के अलावा ओपीडी, एनआरसी, एमएनसीयू, महिला अस्पताल, इमरजेंसी, जनरल वार्ड की निगरानी की जा रही है। निगरानी कक्ष में तैनात कर्मचारी अस्पताल में 24 घंटे निगरानी कर रहे हैं। कोई भी कमी मिलने पर शासन से तुरंत फोन पर कमी को ठीक करने के लिए फोन आता है। बृहस्पतिवार को कैमरे में जनरल वार्ड में डस्टबिन न दिखने पर सीएमएस पर निगरानी कक्ष से फोन आया था। उन्होंने बताया कि वार्ड में किसी मरीज ने डस्टबिन के आगे कूलर लगा दिया था, जिससे कैमरे में डस्टबिन नहीं दिखाई दे रहा था। वार्ड में कर्मचारी भेजकर वहां से कूलर हटवाया गया।
-