बागपत। अहैड़ा गांव के किसानों की कोतवाली में पिटाई करने के मामले में रविवार को किसानों ने पंचायत कर कड़ा रुख अपनाया। किसानों ने साफ कर दिया कि जब तक दरोगा और फैक्टरी मालिक पर कार्रवाई नहीं होगी, तब तक आंदोलन किया जाएगा। इसके बाद एसपी ने दरोगा को लाइन हाजिर कर दिया। किसानों ने सोमवार को कोतवाली में धरना देने का निर्णय लिया।
अहैड़ा गांव के रहने वाले किसान ब्रजपाल और जोगेंद्र को कोतवाली में अवैध हिरासत में रखकर पिटाई करने के मामले में रविवार को पंचायत में रोष जताया गया। भाकियू जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह गुर्जर ने कहा कि दरोगा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाए और उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं होती है तो बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा। इसके अलावा फैक्टरी मालिक के खिलाफ कोतवाली पर सोमवार को धरना दिया जाएगा। जहां फैक्टरी मालिक ने आकर झूठी शिकायत करने के मामले में माफी नहीं मांगी तो उसपर पर कार्रवाई कराई जाएगी। उधर किसानों की पंचायत होते ही पुलिस अधिकारी हरकत में आए और दरोगा सुभाष चंद को लाइन हाजिर कर दिया। पंचायत में करतार पहलवान, योगेश गुर्जर, सतीश एडवोकेट, गजेंद्र समेत अन्य मौजूद रहे।