दाहा। दोघट कस्बे में मकान के विवाद में दादा सत्यवीर की डंडे से पीटकर हत्या करने के आरोपी पोते सचिन से पुलिस ने पूछताछ की।
आरोपी ने कहा कि दादा और चाचा उसे मकान के पीछे वाला हिस्सा देना चाह रहे थे, जबकि वह आगे वाला हिस्सा मांग रहा था। इस बात को लेकर कई दिन से विवाद चल रहा था।
पुलिस पूछताछ में हत्यारोपी सचिन ने बताया कि दादा के तीन बेटे थे, जिनमे उसके पिता जितेंद्र सिंह की मौत हो चुकी है। कुछ दिनों से पैतृक मकान के तीन हिस्से करने की बात चल रही थी। उसने तीनों के बराबर हिस्से बांटने की सलाह दी, लेकिन इस पर दादा और चाचा सहमत नहीं हुए और उसे मकान के पीछे वाला हिस्सा देने की बात करने लगे।
उसने दादा और चाचा से मकान के आगे वाला हिस्सा देने की भी मांग की, लेकिन उन्होंने मना कर दिया। इसी बात से क्षुब्ध होकर उसने गैलरी में चारपाई पर लेटे दादा सत्यवीर पर डंडे से वार कर दिए और वहां से भाग गया। सीओ विजय कुमार तोमर ने बताया कि हत्यारोपी सचिन को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त डंडा बरामद किया गया ।
पूछताछ के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। पूरेक्षेत्र में यह मामला चर्चाओं का विषय बना है। चाैक-चाैपालों पर इसी की चर्चा हो रही है।