बागपत के बड़ौत के आदर्श नंगला गांव के अनुज उर्फ गुलाब हत्याकांड का पुलिस ने बृहस्पतिवार को खुलासा कर दिया। अनुज की पत्नी ने ही प्रेमी संग मिलकर पहले उसकी हत्या की और पहचान मिटाने के लिए शव को जला कर मलकपुर-सिनौली गांव के बीच खाई में फें क दिया था। पुलिस ने पत्नी को हिरासत में ले लिया है और हरियाणा निवासी उसके प्रेमी की तलाश में दबिश दी जा रही है।
बुधवार की सुबह सिनौली और मलकपुर गांव के बीच एक युवक का जला हुआ शव मिला था। उसकी फांसी लगाकर हत्या की गई थी। पहचान मिटाने से शव को जला दिया गया था। शव की शिनाख्त अनुज उर्फ गुलाब पुत्र रविंद्र निवासी आदर्श नंगला थाना छपरौली के रूप में हुई थी। मंगलवार की रात रविंद्र घर से गया था।
सुबह उसका जला हुआ शव पड़ा मिला था। इस संबंध में बुधवार को उसकी पत्नी पूजा ने हत्या का मामला दर्ज कराया था। बृहस्पतिवार को पुलिस ने इसका खुलासा कर दिया। थानाध्यक्ष विजय सिंह ने बताया कि जब उसकी पत्नी पूजा से पूछताछ की तो वह इधर-उधर की हांकने लगी। संदेह होने पर उससे सख्ती से पूछताछ की तो उसने प्रेमी संग मिलकर अनुज की हत्या करना कबूल कर लिया।
पुलिस के मुताबिक हरियाणा के पलड़ा गांव के एक युवक से पूजा का प्रेम प्रसंग था। इसमें पति अनुज आड़े आता था। मंगलवार की शाम उसने प्रेमी के संग मिलकर हत्या की योजना बनाई। पहले उसकी फांसी लगाकर हत्या की और फिर शव मलकपुर और सिनौली के बीच खाई में डालकर आग लगा दी। थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रेमी की तलाश में दबिश दी जा रही है।