नगर में लगवाए गए कैमरों का रखरखाव ही भूल गए अधिकारी
नगर में आए दिन हो रही अपराधिक घटनाएं, फिर नहीं जागा प्रशासन
...
बड़ौत। बढ़ते अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए नगर में लगवाए गए सीसीटीवी कैमरों का रखरखाव ही अधिकारी भूल गए। यही कारण है कि अपराधिक घटना होने के बाद बार बार पुलिस को मुंह की खानी पड़ रही है। अपराधी लूट और हत्याओं जैसी घटनाओं को अंजाम देखकर पुलिस की आंखों में धूल झोंककर फरार हो रहे हैं। पुलिस हाथ मलती रह जा रही है। कारण है कि नगर में अधिकतर मार्गों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरे खराब पड़े हैं। अपराधियों को पकड़ने के नाम पर पुलिस अंधेरे में ही तीर चला रही है।
अशासन के निर्देशों पर तीन-चार वर्ष पूर्व नगर के मुख्य मार्गों के अलावा फूंसवाली मस्जिद, दिल्ली बस अड्डा, दिल्ली बस स्टैंड, गुराना रोड तिराहा पर सीसीटीवी कैमरे तो लगवा दिए, लेकिन कुछ ही दिन बाद अधिकांश कैमरे खराब हो गए। किसी भी अधिकारी ने इन कैमरों को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई। जिसका परिणाम सामने आ रहा है। अधिकारियों की लापरवाही का खामियाजा जनता को भरना पड़ रहा है और अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। सीओ आलोक कुमार का कहना है कि नगर में लगे खराब पड़े सीसीटीवी कैमरों की रिपोर्ट मंगवाई गई है। शीघ्र ही कैमरों को ठीक कराया जाएगा।