दोघट। निरपुडा गांव में शुक्रवार की रात्रि शॉर्ट सर्किट होने से एक मकान में आग लग गई। कमरे में सो रहे परिजनों को आसपास के लोगों ने बमुश्किल से निकाला। सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने आग बुझाई। तब तक करीब दो लाख रुपये कीमत का सामान जल गया।
निरपुडा गांव निवासी हिना पत्नी शाहरुख ने थाने में तहरीर देकर बताया कि वह अपनी चाची फरजाना, पत्नी समीम के साथ बच्चों को लेकर नीचे मकान में सो रही थी। अचानक मकान के चौबारे में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। ग्रामीणों ने नीचे कमरे में हिना, उसके दो बच्चे अली, एलिना, चाची फरजाना को बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक फ्रिज, आलमारी, ड्रेसिंग टेबल, बेड, कपड़े, बर्तन, सोफा सेट जल गए थे। आग लगने से मकान में दरारें भी आ गई। आग से मकान मालिक को करीब दो लाख रुपये का नुकसान हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को मुआवजे की मांग की।