संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। राजकीय कन्या इंटर कॉलेज तुगाना में छात्राओं के आवासीय विद्यालय में छात्रावास का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। एक महीने में फिनिशिंग का कार्य भी पूरा हो जाएगा। विभाग की ओर से जुलाई में हॉस्टल शुरू करने की तैयारी कर ली है। इसमें कस्तूरबा आवासीय विद्यालय की छात्राओं को प्रवेश में वरीयता प्रदान की जाएगी।
छात्राओं को इंटरमीडिएट तक की शिक्षा के साथ हॉस्टल की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए जीजीआईसी तुगाना में एक करोड 76 लाख रूपये से हॉस्टल का निर्माण कराया जा रहा है। शासन ने जुलाई में हॉस्टल शुरू कर छात्राओं का प्रवेश कराने के निर्देश दिए हैं। शासन के निर्देश पर माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से जुलाई से हॉस्टल शुरू कराने की तैयारी शुरू कर दी है। जिला विद्यालय निरीक्षक रवींद्र सिंह ने बताया कि तुगाना में हॉस्टल का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। हॉस्टल की फिनिंशिग का कार्य चल रहा है। एक माह के अंदर फिनिसिंग का कार्य पूरा हो जाएगा। हॉस्टल में छात्राओं के लिए छह लाख रुपये से फर्नीचर, बिजली, मेस आदि की व्यवस्था कराई जाएगी। हॉस्टल शुरू होने पर सौ छात्राओं को इंटरमीडिएट की शिक्षा के साथ रहने की सुविधा मिलेगी। हॉस्टल में प्रवेश के लिए कस्तूरबा आवासीय विद्यालयों में पढ़ने वाली छात्राओं को वरीयता प्रदान कर प्रवेश कराए जाएंगे। निर्माण कर रही कार्यदायी संस्था को निर्धारित समय तक निर्माण कराय पूरा करने के निर्देश दिए हैं, ताकि जुलाई माह से हॉस्टल का संचालन शुरू कराया जा सके।