- हिरासत मेंं लेने के बाद पुलिस कर्मियों के सामने गोली मारने की धमकी देने का आरोप लगाया
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। बावली गांव में जेल से छूटकर आए हिस्ट्रीशटर ने मंगलवार की देर शाम एक मकान मेें घुसकर तीन महिलाओं के साथ मारपीट की। आरोप है कि सूचना पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने जब आरोपी को हिरासत में ले लिया तो उसने जेल से छूटने के बाद गोली मारने की धमकी दी। इससे परिवार दहशतजदा है। उन्होंने कोतवाली में तहरीर देकर जान माल की सुरक्षा की गुहार लगाई।
पीड़िता अनीता पत्नी शलेन्द्र ने कोतवाली में तहरीर दी कि मंगलवार की शाम वह अपनी सास इन्द्रा और जेठानी पारूल के साथ घर पर बैठकर कुछ काम कर रहे थे, तभी गांव के ही एक व्यक्ति जो हिस्ट्रीशीटर है और उस पर कई मुकदमे दर्ज हैं, मकान के अंदर घुस गया और गाली-गलौज करते हुए पति शलेन्द्र के बारे में पूछने लगा। इस दौरान आरोपी ने उनके साथ मारपीट की। इस दौरान महिला का पति शलेन्द्र भी वहां पर आ गया और उसने 112 नंबर पर शिकायत दर्ज कर पुलिस को मौके पर बुलाया। आरोप है कि पुलिस कर्मियों द्वारा आरोपी को हिरासत में लेने के बाद भी आरोपी ने जेल से छूटकर आने पर गोली मारने की धमकी दी है। इससे परिवार दहतशजदा है।
सीओ सविरत्न गौतम ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई थी, जिसके बाद आरोपी पुलिस हिरासत में है। परिवार को डरने की जरूरत नहीं है, जल्द ही आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा जाएगा।