हाईवे में आए मकान, दुकान और मंदिर, न तोड़ने की उठी मांग
अग्रवाल मंडी टटीरी। बागपत-मेरठ हाईवे के चौड़ीकरण में अग्रवाल मंडी टटीरी के 50 से अधिक पक्के निर्माण आ गए हैं। एनएचएआई द्वारा निशान लगाए जाने के बाद से सभी भवन स्वामियों के होश उड़े हैं। उधर विभाग ने सड़क में आने वाले सभी भवनों को तोड़ने की चेतावनी जारी कर दी है। इसको लेकर मंगलवार को व्यापारियों का एक प्रतिनिधि मंडल एनएचएआई के परियोजना प्रबंधक से मिलने पहुंचे। साथ ही व्यापारियों ने मकान, दुकानों को न तोड़ने की मांग की।
बागपत-मेरठ राष्ट्रीय राजमार्ग 334बी के निर्माण में सडक़ के दोनों ओर मकानों, दुकानों, मंदिरों की जमीन के अधिग्रहण के लिए निशानदेही की गई है। जिसमें कस्बे की दुकान, मकान के अलावा मंदिर भी आ रहा है। व्यापार संघ निशानदेही के बाद से ही राहत की मांग कर रहा है। मंगलवार को व्यापार संघ के अध्यक्ष अभिमन्यु गुप्ता ,पंकज गुप्ता, संजय जैन, ठाकुर सुरेश कुमार, डा. प्रमोद अग्रवाल, प्रदीप नैन, संजू शर्मा, सुनील अग्रवाल आदि राजमार्ग निर्माण कार्यालय बागपत में परियोजना निदेशक संजय मिश्रा से मिले। साथ ही राहत दिए जाने की मांग की।