बागपत जनपद में सोनीपत के स्वास्थ्य विभाग की टीम ने खेकड़ा में छापेमारी कर भ्रूण लिंग जांच के धंधे का भंडाफोड़ किया है। यहां नगरपालिका कार्यालय के पास कई माह से एक घर के अंदर भ्रूण लिंग जांच की जाती थी। टीम ने एक दलाल समेत दो आरोपियों को काबू किया है। इस दौरान एक अन्य युवक टीम को देखते ही मौके से फरार हो गया। टीम ने कार्रवाई करते हुए अल्ट्रासाउंड मशीन को सील किया। खेकड़ा थाना में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
पीएनडीटी के नोडल अधिकारी डॉ. आदर्श शर्मा को सूचना मिली थी कि बागपत के खेकड़ा स्थित एक घर में गर्भवती महिलाओं की भ्रूण लिंग जांच की जाती है। इसके बाद टीम का गठन किया गया, जिसमें डॉ. अनविता कौशिक, डॉ. संदीप लठवाल, डॉ. सुभाष गहलावत, मनोज कुमार शामिल रहे।
पीएनडीटी की टीम ने बागपत पुलिस व वहां के पीएनडीटी अधिकारी डॉ. यशवीर से संपर्क किया गया। डिकॉय महिला की दलाल मेरठ निवासी रोहित से मुलाकात कराई गई। इस दौरान भ्रूण जांच कराने के लिए दोनों के बीच 20 हजार रुपये में सौदा तय हुआ। इसके बाद टीम ने डिकॉय महिला को दलाल के माध्यम से नपा कार्यालय के पास एक घर में भ्रूण लिंग जांच कराने के लिए भेज दिया और उसके बाद वहां छापेमारी की। यहां डिकॉय महिला की भ्रूण लिंग जांच की जा रही थी।
टीम को देखकर मौके से हाथरस निवासी सचेंद्र चार हजार रुपये लेकर फरार हो गया। मौके पर दलाल व अल्ट्रासाउंड कर रहे खेकड़ा निवासी बाबूलाल को काबू कर लिया। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों से करीब 16 हजार रुपये बरामद हुए। वहीं टीम ने अल्ट्रासाउंड मशीन को सील करते हुए सामान जब्त कर लिया। पुलिस ने तीन पर केस दर्ज कर लिया है।
यह भी पढ़ें: यूपी: घर में नर्सिंग होम बनाकर कराते थे 'भ्रूण लिंग जांच', जानें कैसे हुआ भंडाफोड़
किराए के मकान में चलती थी मशीन
किराए के मकान में अल्ट्रासाउंड मशीन चल रही थी, उस मकान के मालिक को भी इसकी भनक नहीं थी। उसने पुलिस को बताया कि वह सोचता था कि मेडिकल से सम्बंधित काम होता है। पुलिस व टीम ने मकान मालिक से बात की और उससे जांच में सहयोग मांगा।
वहीं, कार्रवाई की भनक लगने पर कई अल्ट्रासाउंड, लेब व मेडिकल स्टोर संचालकों ने शटर गिरा दिए। कई बगैर डिग्री के कथित चिकित्सक भी क्लीनिक बंद कर चले गए। अवैध रूप से मशीन के संचालन से लेकर कारोबार तक में कुछ सफेदपोश के शामिल होने को लेकर भी जांच की जा रही है।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/