बागपत। सूरजपुर महनवा गांव की प्रधान के जाति प्रमाण पत्र की जांच कराई जाएगी। जिसके लिए राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग ने डीएम को पत्र लिखकर 15 दिन में जांच रिपोर्ट देने की मांग की।
सूरजपुर महनवा गांव के रहने वाले सतीश चंद्र पुत्र ब्रह्मदास ने राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग में शिकायत कर प्रधान पिंकी पर फर्जी तरीके से अनुसूचित जाति प्रमाण पत्र बनवाने का आरोप लगाया। शिकायतकर्ता ने बताया कि प्रधान कोरी जाति से है, जो अनुसूचित जाति में नहीं आती।
शिकायत पर राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग ने सूरजपुर महनवा गांव की प्रधान के जाति प्रमाण पत्र के लिए जांच के आदेश जारी किए। जिसमें डीएम से 15 दिन में जांच कर रिपोर्ट देने के लिए पत्र लिखा। इस मामले में डीपीआरओ अमित कुमार त्यागी का कहना है कि जाति प्रमाणपत्र तहसील से जारी होते हैं। जिसकी जांच तहसील के अधिकारी करेंगे। जिसकी जांच रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।