चांदीनगर में ललियाना-सुराना मार्ग पर ललियाना पुलिस चौकी से करीब 200 मीटर दूरी पर दो बाइकों की भिड़ंत हो गई। इसमें एक बाइक पर सवार एचसीपी जगत सिंह (50) की मौत हो गई। एक युवक गंभीर घायल हो गया। उसे दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस विभाग के एचसीपी हापुड़ निवासी जगत सिंह मूल रूप से गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के गांव लोदीपुर के थे। उनकी तैनाती फिलहाल चांदीनगर थाने में थी। वे रविवार सुबह थाने से बुलंदशहर केस के संबंध में बाइक से जा रहे थे। ललियाना पुलिस चौकी से करीब 200 मीटर दूरी पर सामने से बाइक पर आ रहे ललियाना निवासी कल्लू की बाइक से उनकी बाइक भिड़ गई।
इसमें जगत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कल्लू गंभीर घायल हुआ। वहां से गुजर रहे लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी और घायल युवक को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने के चलते चिकित्सकों ने युवक को दिल्ली रेफर कर दिया। पुलिस ने जगत सिंह के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज उनके परिजनों को जानकारी दी। घटना से पुलिस विभाग में शोक की लहर है।