बालैनी। पुरा महादेव मंदिर पर कांवड़ियों की भीड़ बढ़नी शुरू हो गई है। मंदिर दिन भर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से गूंजता रहा। शुक्रवार को मंदिर में सुबह से ही भगवान आशुतोष का जलाभिषेक के लिए कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की भीड़ लगनी शुरू हो गई। दिनभर मंदिर में कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की कतार लगी रही। मंदिर में शुक्रवार को हरिद्वार से गंगाजल लेकर आए हजारों कांवड़ियों और श्रद्धालुओं ने द्वादशी का जलाभिषेक किया।
पुरा महादेव मंदिर में चल रहे चार दिवसीय श्रावणी मेले के दूसरे दिन कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की काफी भीड़ रही। मंदिर में द्वादशी का जलाभिषेक करने के लिए रात से ही कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की कतार लगनी शुरू हो गई थी। भीड़ को देखते हुए मंदिर में कांवड़ियों और श्रद्धालुओं को अलग-अलग द्वार से प्रवेश दिया गया और दक्षिणी द्वार से बाहर निकाला गया, जबकि अन्य श्रद्धालुओं को मंदिर से उत्तरी द्वार से मंदिर में प्रवेश दिया गया और जलाभिषेक के बाद पश्चिमी द्वार से बाहर निकाला गया। कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए मंदिर और मेला परिसर में चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात रही। इसके अलावा मंदिर में बनाए गए कंट्रोल रूम और वॉच टावर से मंदिर और मेले की निगरानी की गई।
कांवड़ियों पर की गई फूलों की वर्षा
मंडलायुक्त सेल्वा कुमार जे और आईजी नचिकेता झा ने श्रावणी मेले में शुक्रवार को हेलीकॉप्टर से कांवड़ियों पर फूलों की वर्षा की। इस दौरान बोल बम और हर-हर महादेव के जयकारों से क्षेत्र गूंजायमान रहा।
50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किया भगवान शिव का जलाभिषेक
मंदिर के पुजारी पंडित जयभगवान शर्मा ने बताया कि शुक्रवार को मंदिर में द्वादशी का अभिषेक करने के लिए रात से ही श्रद्धालुओं की लाइन लगनी शुरू हो गई थी। शुक्रवार को 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने भगवान आशुतोष का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। शाम 7 बजकर 17 मिनट से त्रयोदशी का जलाभिषेक शुरु होगा। जिससे मंदिर में शाम से श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़नी शुुरू हो जाएगी।
झंडा पूजन के बाद शुरु होगा चतुर्दशी का जलाभिषेक
मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित जयभगवान शर्मा ने बताया कि शनिवार को सात बजकर 32 मिनट से मंदिर में झंडा पूजन के बाद रात आठ बजकर 32 मिनट से चतुर्दशी का जलाभिषेक शुरू किया जाएगा। मंदिर में लगभग 20 लाख कांवड़ियों के पहुंचने की संभावना है।