बिनौली। तितरौदा गांव मेें रामलीला में बृहस्पतिवार को कलाकारों ने हनुमान द्वारा अक्षय कुमार का वध कर लंका नगरी को जलाने का मंचन किया।
मंचन में राजा सुग्रीव की आज्ञा के बाद वानर सेना सीता की खोज में सागर तट पर पहुंची। बाद में भगवान राम की आज्ञा पाकर हनुमान सीता से मिलने के बाद अशोक वाटिका में पूरी वाटिका उजाड़ने के साथ अक्षय कुमार सहित कई राक्षसों का वध कर दिया। रावण की आज्ञा से राक्षसों ने हनुमान की पूंछ में आग लगा दी। हनुमान ने जलती पूछ से पूरी लंका नगरी दहन का मंचन किया गया।
उधर, बिनौली में रामलीला में कलाकार बाली वध व सीता की खोज में लंका पहुंचे हनुमान की लीला का मंचन किया गया। लीला के मंचन में सुग्रीव बाली के पास जाता है और युद्ध के लिए ललकारता है। बाली सुग्रीव की पिटाई कर देते हैं। सुग्रीव प्रभु श्रीराम की शरण में पहुंचता है। इसके बाद भगवान श्रीराम बाली का वध कर देते हैं।