बागपत। हिंडन और कृष्णा नदी क्षेत्र में शुद्ध पानी की क्या व्यवस्था की गई? इस पर डीपीआरओ और जल निगम के अधिशासी अभियंता तीन दिन में आख्या देंगे। डीडीओ ने इस संबंध में निर्देश जारी किया है। रिपोर्ट मिलने पर इसकी जानकारी शासन को दी जाएगी।
प्रदूषित कृष्णा और हिंडन नदी क्षेत्र के किनारे बसे गांवों की हालत खराब है। लोगों को शुद्ध पानी मुहैया नहीं हो पा रहा हैं। एनजीटी ने इसका संज्ञान लिया और आदेश दिया कि दोनों नदियों के किनारे बसे गांवों में जब तक शुद्ध पानी की व्यवस्था नहीं होती है, तब तक प्रशासन टैंकरों से और हैंडपंपों को रिबोर कराकर शुद्ध पानी की व्यवस्था कराएगा। आदेश को हुए करीब एक सप्ताह से अधिक बीत गए है, लेकिन अभी तक व्यवस्था ढाक के तीन पात ही है। शासन ने इसकी रिपोर्ट मांगी तो प्रशासन भी हरकत में आया हुआ है। जिला विकास अधिकारी हुब लाल ने जिला पंचायत राज अधिकारी और अधिशासी अभियंता जल निगम को पत्र जारी किया है। दोनों अफसरों से हिंडन और कृष्णा नदी क्षेत्रों में हैंडपंप रिबोर किया या मरम्मत, टैंकर से शुद्ध पानी मुहैया कराया गया या नहीं, इसकी सूचना तीन दिन के अंदर कार्यालय को देने के निर्देश दिए है।
डीडीओ ने बताया कि दोनों नदियों के किनारे बसे गांवों में शुद्ध पानी मुहैया कराना प्राथमिकता है। एनजीटी की ओर से निरंतर इस पर संज्ञान लिया जा रहा है। जिला पंचायत राज अधिकारी और अधिशासी अभियंता जल निगम को पत्र जारी कर व्यवस्था की सूचना मांगी है।