- फैजपुर निनाना, बिहारीपुर, सुल्तानपुर हटाना, खेडा इस्लामपुर, राजपुर और फैजल्लापुर में चार दिन से नहीं थी बिजली
- पानी तक के लिए ग्रामीणों को जूझना पड़ा, ऊर्जा निगम के अधिकारियों के खिलाफ हंगामा करने पर ठीक की लाइन
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। तेज हवा व बारिश के कारण चार दिन पहले लाइन में फाल्ट आने से आधा दर्जन गांवों में बिजली आपूर्ति ठप रही। उन गांवों के लोगों के लगातार शिकायत के बावजूद भी लाइन ठीक नहीं की गई और चार दिन तक लोगों को परेशानी से जूझना पड़ा। अब ऊर्जा निगम अधिकारियों के खिलाफ हंगामा करने पर शनिवार को लाइन ठीक करके आपूर्ति शुरू की गई।
यहां चार दिन पहले तेज हवा के साथ बारिश हुई थी, जिससे फैजपुर निनाना, बिहारीपुर, सुल्तानपुर हटाना, खेडा इस्लामपुर, राजपुर और फैजल्लापुर की विद्युत लाइन में फाल्ट हो गया था। उस फाल्ट को ऊर्जा निगम के अधिकारियों ने चार दिन बाद भी ठीक नहीं कराया। जिससे इन गांवों में चार दिन तक बत्ती गुल रही और इस कारण ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों के घरों में इनवर्टर भी जवाब दे गए तो पानी के लिए भी जूझना पड़ा। सुल्तानपुर हटाना के प्रधान सचिन, फैजपुर निनाना के रोहित धनकड़, फैजल्लापुर के प्रधान मनोज, खेड़ा इस्लामपुर के जोनी ने बताया कि वह चार दिन से लगातार ऊर्जा निगम के अधिकारियों से विद्युत लाइन ठीक कराने की मांग कर रहे थे। इसके बावजूद भी लाइन ठीक नहीं की गई थी।
जब शनिवार को लोगों ने ऊर्जा निगम के अधिकारियों के खिलाफ रोष जताया तो उसके बाद लाइन ठीक की गई। जिससे इन गांवों में शनिवार दोपहर को बिजली आपूर्ति शुरू हो सकी और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। एक्सईएन अमर सिंह ने बताया कि बिजली आपूर्ति शुरू करा दी गई है।