बागपत। सांकरौद में राजमिस्त्री शहाबुद्दीन उर्फ साबू की हत्या में शामिल तीनों आरोपियों के डीएनए के लिए बुधवार को बालों के सैंपल लिए गए। नमूनों को जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा जाएगा।
सांकरौद गांव में 29 जनवरी को राजमिस्त्री शाहबुद्दीन की गोली मारकर व गला घोंटकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने खुलासा करते हुए बताया था कि तहेरे भाई शौकीन ने उधार लिए एक लाख रुपये न लौटाने के लिए अपने रिश्तेदार नाजिम निवासी तितरौदा को 1.30 लाख रुपये की सुपारी देकर हत्या कराई थी। जिसमें उसके दोस्त 12वीं के छात्र रितिक ने भी साथ दिया था। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था। पुलिस ने अदालत में तीनों आरोपियों के डीएनए जांच की अनुमति के लिए अर्जी दाखिल की। अदालत से अनुमति मिलने पर खेकड़ा थाना प्रभारी राजवीर सिंह चौहान तीनों आरोपियों को बुधवार को जेल से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डा. श्रवण कुमार ने उनके सिर के बालों का सैंपल लिया। खेकड़ा थाना प्रभारी राजबीर सिंह ने बताया कि सैंपल को जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा जाएगा।