बागपत। मंगलवार शाम बागपत में तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि और बारिश हुई, जिससे मौसम में बदलाव आया। लोगों को गर्मी से राहत मिली, लेकिन फसलों को काफी नुकसान हुआ। वहीं लाइनों में फाल्ट होने से शहर से लेकर गांवों तक बत्ती गुल हो गई, जिसके चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
शाम को करीब पंद्रह मिनट तक ओलावृष्टि और तेज बारिश होती रही। इससे अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। यह तापमान एक सप्ताह पहले के 41 डिग्री सेल्सियस से काफी कम है। तेज हवाओं के कारण दिनभर गर्मी का एहसास कम रहा। सोमवार रात को भी हल्की बूंदाबांदी हुई थी, लेकिन मंगलवार सुबह धूप निकल गई थी। बारिश और ओलावृष्टि के कारण लाइनों में फाल्ट होने से शहर से लेकर गांवों तक बिजली गुल हो गई। सड़कों पर जलभराव और कीचड़ से भी लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने बुधवार को दोपहर बाद भी बारिश होने का अनुमान जताया है।
-लाइनों में हुए फाल्ट, शहर और गांवों में आपूर्ति हुई ठप
मंगलवार शाम ओलावृष्टि व बारिश के कारण लाइनों में फाल्ट आ गया, जिससे बागपत शहर में घंटों तक बिजली आपूर्ति ठप रही। इसके अलावा 80 गांवों में भी बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। ऊर्जा निगम कर्मी सभी जगह फाल्ट ठीक करने में लगे रहे, मगर सभी जगह आपूर्ति सुचारू करने में कामयाबी नहीं मिल सकी।
-सब्जी की फसल, आम के बागों में नुकसान
रटौल, बालैनी, सैड़भर, लहचौड़ा, गौना, विनयपुर, शरफाबाद समेत अन्य गांवों में किसान खीरा, लोकी व तोरई आदि की खेती करते हैं। इसके साथ ही रटौल क्षेत्र में आम के बाग भी काफी हैं। जहां ओलावृष्टि से किसानों को नुकसान झेलना पड़ा। बागवानों के अनुसार आम के बागों में बाैर गिर गया।