बड़ौत। ग्राम पंचायतों में सामुदायिक शौचालयों के निर्माण कार्य चल रहे हैं। सामुदायिक शौचालयों का निर्माण पूरा होने पर इनके रखरखाव व संचालन की जिम्मेदारी महिला स्वयं सहायता समूहों को सौंपी जाएगी। सर्वश्रेष्ठ सामुदायिक शौचालय का निर्माण कराने वाले ग्राम पंचायत सचिव को सम्मानित भी किया जाएगा।
एडीओ पंचायत कृष्णपाल मान के मुताबिक बड़ौत ब्लाक के अंतर्गत 44 ग्राम पंचायतों में इस समय सामुदायिक शौचालयों का निर्माण चल रहा है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत निर्माणाधीन सामुदायिक शौचालयों का निर्माण पांच अगस्त तक पूरा कराने की जिम्मेदारी जिला समन्वयक को सौंपी गई है। अन्य ग्राम पंचायतों में मनरेगा व वित्त आयोग से प्राप्त धनराशि से 30 जुलाई तक सामुदायिक शौचालयों का निर्माण पूरा कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायतों में अब प्रत्येक सामुदायिक शौचालय के संचालन व देखरेख की जिम्मेदारी महिला स्वयं सहायता समूहों को सौंपी जाएगी। रखरखाव व संचालन पर पड़ने वाले खर्च महिला समूहों को दो किस्तों में उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने बताया सर्वश्रेष्ठ सामुदायिक शौचालय का निर्माण कराने वाले पंचायत सचिव को सम्मानित भी किया जाएगा। उधर, एडीओ आईएसबी जयपाल सिंह ने बताया कि बड़ौत ब्लाक में 920 समूह सक्रिय है।