अमीनगर सराय। सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र के बिलोचपुरा गांव में सात वर्ष की बच्ची की निर्मम हत्या को लेकर सोमवार को गम और गुस्से का माहौल रहा। पुलिस को लेकर लोगों में बड़ी नाराजगी रही। दुख जताने के लिए पीड़ित परिवार के आवास पर लोगों की आवाजाही लगी रही। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है।
शनिवार रात बिलोचपुरा गांव में सात वर्ष की बच्ची भूरी की निर्मम हत्या कर दी गई थी। पुलिस बच्ची की हत्या को लेकर कई बिंदुओं पर जांच कर रही है, मगर अभी तक आरोपियों का कोई सुराग नहीं लगा है। पीड़ित परिवार के घर के पास पुलिस बल तैनात किया गया है। एसओ रवि रत्न का कहना है कि बच्ची की हत्या के मामले में पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। घटना का शीघ्र खुलासा कर दिया जाएगा।
फास्ट ट्रैक अदालत में मासूम की हत्या पर सुनवाई
अमीनगर सराय। सपा की महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष डॉक्टर सीमा यादव बिलोचपुरा पहुंची और सात वर्षीय बच्ची के परिवार को सांत्वना दी। आरोपी को फांसी देने और परिवार को 25 लाख रुपये की सहायता राशि देने की मांग सरकार से की। इस दौरान कविता गिरि, आसमां परवीन, किरण, राधा, गीता आदि शामिल रही। इनके अलावा रालोद जिलाध्यक्ष डॉ जगपाल तेवतिया ने पीड़ित परिवार को सांत्वना दी।
भूरी की हत्या के खुलासे के लिए दो टीम गठित
अमीनगर सराय। एसपी अभिषेक सिंह ने बताया कि बिलोचपुरा प्रकरण के खुलासे के लिए दो टीमें गठित की गई है। क्राइम ब्रांच की टीम भी खुलासे के लिए लगाया गया है।
दंपति को मिल सकती है क्लीन चिट
अमीनगर सराय। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पीड़ित पक्ष ने जिस दंपति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है, उनकी भूमिका की जांच चल रही है। अगर उनकी भूमिका नहीं मिली तो जल्द ही क्लीन चिट मिलेगी।