बागपत। लोकसभा चुनाव की मतगणना के बाद अब देश में नई सरकार बनेगी। जिले की जनता को नई सरकार से काफी अपेक्षा है। युवा वर्ग जहां शिक्षा और रोजगार की उम्मीद लगा रहा है, वहीं महिला रसोई के बजट और किसान फसलों का लाभकारी मूल्य के साथ खाद, डीजल और कीटनाशक के दाम में कमी की उम्मीद जता रहे हैं।
- व्यापारी जीएसटी और टैक्स की मार झेल रहा है। सरकार को व्यापारियों के हितों की बात करनी चाहिए। इससे व्यापारियों का कारोबार बढ़ेगा और सुरक्षित माहौल में व्यापारी कारोबार कर सकेंगे। - मुदित जैन, व्यापारी
- देश की आर्थिक स्थिति को सुधारने में व्यापारियों का बहुत योगदान रहता है। लेकिन असुविधाओं के चलते व्यापारी परेशान रहते हैं। इसलिए सरकार व्यापारियों के हित के लिए कार्य करे। - नवनीत जैन, व्यापारी
- सरकार से व्यापारी वर्ग का हित और व्यापार को सरल और सुगम बनाने की अपेक्षा है। व्यापार सरल और सुगम होने से व्यापारी वर्ग के साथ आम जनता को भी फायदा मिलेगा। - मोहित गुप्ता, व्यापारी
- नई सरकार से व्यापारियों को बेहतर सुविधाएं व सुरक्षा दिए जाने की उम्मीद है। जिससे व्यापार को बढ़ावा मिल सके और व्यापारियों को फायदा हो सके। - अरुण मंगल, व्यापारी
- जीएसटी और टैक्स अधिक होने के कारण व्यापारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नई सरकार को व्यापारी वर्ग को जीएसटी और टैक्स में राहत देने की के लिए कार्य करना चाहिए। - सत्य प्रकाश गोयल, व्यापारी
- व्यापार में छापामारी करने के साथ ही अन्य कई तरह के प्रतिबंध लगाकर परेशान किया जाता है। इस तरह से व्यापार में व्यवधान पैदा न किया जाए। व्यापारियों को परेशान करने वालों पर शिकंजा कसा जाना चाहिए। - डॉ. अरुण रोधिया, व्यापारी
- खाद, बीज से लेकर खेतों की बुवाई तक महंगी हो गई है। पूरी साल मेहनत करने के बाद भी किसानों को उनकी फसलों का उचित दाम नहीं मिलता है। सरकार किसानों की समस्या का समाधान करने वाली होनी चाहिए। - पप्पू कलंदर, किसान
- निराश्रित गोवंश किसानों की फसलों को बर्बाद कर रहे हैं। किसानों के बकाया गन्ना भुगतान समय से नहीं हो रहा है। जिससे किसानों को आर्थिक संकट से जूझना पड़ रहा है। - अमरपाल, किसान
- सरकार से फसलों का लाभकारी मूल्य और कीटनाशक व उर्वरकों के साथ डीजल के दाम नियंत्रित करने की उम्मीद है। सरकार से किसान हित में कार्य कर किसानों को बढ़ावा देना चाहिए। - अनिल यादव किसान
- नई सरकार से किसान हित में जैसे गन्ना बकाया का समय पर भुगतान, एमएससी से राहत के अलावा महंगाई पर नियंत्रण के साथ फसलों का उचित दाम निर्धारित करने की उम्मीद है। - गौरव यादव, किसान
- दिन भर खेतों में काम करने के बाद किसान निराश्रित गोवंश से फसलों की रखवाली करने के लिए पहरा देने के लिए विवश हो रहा है। सरकार को इस समस्या का समाधान करना चाहिए। - जितेंद्र धामा, किसान
- कीटनाशक के साथ उर्वरक और डीजल के दाम लगातार बढ़ने से फसल की लागत बढ़ रही है। सरकार को लागत के आधार पर किसानों की फसल का वाजिब दाम निर्धारित करना चाहिए। - चरण सिंह, किसान
- देश में प्राइमरी स्तर पर शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार की जरूरत है। प्राथमिक स्तर पर सुधार होने से छात्र-छात्राओं को आगे बढ़ने का मौका मिलेगा जिससे सही दिशा में भविष्य का निर्माण कर सकेंगे। - स्नेहा
- देश में प्राइवेट कॉलेज पर सरकार का कोई नियंत्रण नहीं है। महंगी फीस और कोचिंग के कारण छात्रों को बीच में पढ़ाई छोड़नी पड़ती है। नई सरकार से प्राइवेट कॉलेज पर लगाम लगानी चाहिए। - तनिषा शर्मा
- नई सरकार से शिक्षा और रोजगार उपलब्ध कराने की उम्मीद है। ग्रामीण स्तर पर शिक्षा का बेहतर माहौल मिलने से छात्रों की आगे की पढ़ाई सुगम होगी और रोजगार के भी अवसर मिलेंगे। - अदिति
- सरकार को शिक्षा और रोजगार के बारे में सोचना होगा। इसके अलावा सरकार नौकरी में आरक्षण नीति के बजाय काबिलियत को वरीयता देनी चाहिए। आरक्षण के कारण काबिल लोग पीछे रह जाते हैं। - मानसी जैन
- मेरी देश की नई सरकार से शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य व सुरक्षा की अपेक्षा है। सरकार से युवाओं के साथ प्रत्येक वर्ग के लिए बेहतर सोच और क्षेत्र के विकास के लिए कार्य करने की उम्मीद है। - आरजू
- सरकार से देश से भ्रष्टाचार को समाप्त करने और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की उम्मीद है। रोजगार को बढ़ावा मिलने पर क्षेत्र और देश का विकास होगा। - सागर
-सरकार से युवाओं के लिए उच्च स्तरीय शिक्षा के साथ-साथ रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की उम्मीद है। शिक्षा और रोजगार को बढ़ावा देने से ही देश का विकास होगा। - आकाश
- आज देश में युवाओं के लिए सबसे जरूरी बेहतर शिक्षा व रोजगार है। नई सरकार से शिक्षा के स्तर में सुधार के साथ युवा, किसान और मजदूर वर्ग के लिए हित में कार्य करने की उम्मीद है। - विजय
- बेटियां पढ़ाई व खेलकूद में नाम रोशन कर रहीं हैं। सरकार से बेटियों को उच्च शिक्षा के साथ भयमुक्त माहौल देने और बेटियां आगे बढ़कर आत्मनिर्भर बनाने के लिए कार्य करने की उम्मीद है। - प्रिया
- देश का युवा शिक्षित होने के बावजूद रोजगार के लिए भटक रहा है। सरकार को युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए कार्य करना चाहिए। नई सरकार से रोजगार मुहैया कराने की अपेक्षा है। - अनुज धामा
- सरकार की अग्निवीर योजना ने युवाओं को निराश किया है। सरकार को अग्निवीर योजना को बंद कर युवाओं के लिए अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराकर विकास कराना चाहिए । - अरुण भाटिया
- महंगाई के कारण रसोई का बजट बिगड़ गया है। दाल, सब्जी और गैस के दाम बढ़ रहे हैं। नई सरकार से महंगाई पर नियंत्रण करके घर से बजट को संतुलित करने की उम्मीद है। - रश्मि, गृहिणी
- नई सरकार से महिलाओं के उत्थान और सुरक्षा के साथ ग्रामीण व ब्लॉक स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने की उम्मीद है। स्थानीय स्तर पर रोजगार मिलने से महिला परिवार का बेहतर पोषण कर सकेगी। - रजनी, गृहिणी
-महंगाई अपने चरम पर है, जिससे घर का खर्च चलाना मुश्किल हो रहा है। सब्जी से लेकर मसालों के दाम लगातार बढ़ रहे है। नई सरकार से महंगाई पर नियंत्रण कर राहत देने की उम्मीद है। - अर्चना दहिया, गृहिणी
- आज महिला हर जगह अपनी भागीदारी निभा रही है। देश की नई सरकार को महिलाओं के हित के लिए लाभकारी योजना चलाकर कार्य करना चाहिए। ताकि महिलाएं स्वावलंबी बन सकें। - रीटा, गृहिणी
- रसोई पर महंगाई की मार पड़ रही है और इससे बजट बिगड़ रहा है। महीने भर का खर्च चला पाना महिलाओं के लिए मुश्किल हो रहा है। सरकार को महंगाई से निजात दिलानी चााहिए। - नीशु मलिक, गृहिणी
- सरकार महिलाओं के हक व उनके सम्मान की बात करने वाली और राष्ट्र निर्माण में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ाए। सरकार को महिला के हितों के लिए कार्य करना चाहिए। - रूबी राठी, गृहिणी