बागपत। अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों में लिपिक पद की नियुक्ति के लिए शासन ने समय सारणी जारी कर दी है। जिला विद्यालय निरीक्षक को 26 जुलाई तक रिक्त पदों की सूचना निदेशालय को भेजनी होगी। 16 दिसंबर तक लिपिक के रिक्त पदों पर नियुक्ति की जाएगी।
अशासकीय सहायक प्राप्त विद्यालयों में लिपिक पदों पर नियुक्ति होनी है। विद्यालयों में पदों की पुष्टि, आवश्यकता, मृतक आश्रित पदों का समायोजन की सूचना 26 जून तक निदेशालय में भेजनी होगी। जिला विद्यालय निरीक्षक की सूचना के आधार पर निदेशालय की ओर से दस अगस्त तक लिपिक पद पर भर्ती प्रक्रिया का आदेश जारी किया जाएगा। आवेदकों को अधिसूचना जारी होने के बाद 19 सितंबर तक आवेदन करना होगा। 26 सितंबर तक मेरिट तैयार की जाएगी। आवेदन के उपरांत 17 अक्तूबर तक कंप्यूटर टंकन की परीक्षा के बाद 25 अक्तूबर तक सूची तैयार कर नौ नवंबर को आवेदकों की मेरिट सूची तैयार कर साक्षात्कार लिया जाएगा। साक्षात्कार के बाद 21 नवंबर तक चयन संस्था चयनित अभ्यर्थियों की सूची विद्यालयों के प्रबंधक को भेजकर 28 नवंबर तक अभ्यर्थियों की सूची अभिलेखों सहित जिला विद्यालय निरीक्षक को उपलब्ध कराई जाएगी। 16 दिसंबर तक चयनित अभ्यर्थियों के शैक्षिक प्रमाण पत्रों का सत्यापन कराकर नियुक्ति दी जाएगी। जिला विद्यालय निरीक्षक रवींद्र सिंह ने बताया कि विशेष सचिव डॉ. वेदपति मिश्रा के निर्देश पर विद्यालयों में रिक्त लिपिक के पदों की ब्योरा जुटाया जा रहा है। शासन के निर्देश पर 26 जुलाई तक रिक्त पदों का ब्योरा शासन को भेज दिया जाएगा।