रटौल। चोरों ने सोमवार रात नंगलाबड़ी गांव में एक बंद मकान और लहचौड़ा में डेयरी में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने एक बंद मकान का ताला तोड़कर इनवर्टर बैट्री समेत लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया। पीड़ित मकान मालिक ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
नंगलाबड़ी गांव के रहने वाले नरेंद्र पुत्र रणबीर ने बताया कि वह परिवार के साथ दिल्ली में रहता है। जिस कारण गांव का मकान बंद रहता है, यहां वह कभी-कभी आता है। नरेंद्र ने बताया कि सोमवार रात चोर उसके मकान में घुस गए और मकान में रखे लोहे के गर्डर, गेहूं, इनवर्टर, बैट्री समेत अन्य समान चोरी कर लिया। पीड़ित ने रटौल पुलिस चौकी पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। उधर, शिकायत मिलने पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई। इसके अलावा लहचौड़ा गांव में रहने वाले किसान आदेश पुत्र गजे ने बतया कि उसने डेयरी में जनरेटर लगा रखी है। चोरों ने सोमवार रात जनरेटर का अल्टीनेटर चोरी कर लिया। जिसकी कीमत 30 हजार रुपये बतायी गयी है। इस मामले में खेकड़ा के कार्यवाहक थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर चोरी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है, जांच के आधार पर चोरी का खुलासा कर दिया जाएगा।